नपा प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त अभियान के तहत धनौंदा रोड से अतिक्रमण हटवाया। नपा प्रशासन ने एक पखवाड़े पूर्व प्रशासन के आला अधिकारियों की देखरेख में इस मार्ग की पैमाइश करवाकर निशानदेही की। सोमवार को पीला पंजा चलाकर रास्ते में बने चबूतरे, पैडियां, दीवारों व सीढ़ी को तोड़कर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करवाया। उल्लेखनीय है कि कस्बे के मुख्य बाजार रोड़ पर स्थापित रेलवे फाटक से धनौंदा की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर लोगों ने चबूतरे, पैड़िया व दीवारें बनाकर अतिक्रमण किया हुआ था जिसके चलते 27 फुट का यह मार्ग 17 फुट के करीब रह गया था।
छोटे वाहन ही इस मार्ग पर निकल पा रहे थे। बड़े वाहनों का आवागमन बाधित हो रहा था। कस्बे में सीवरेज, पेयजल सप्लाई डालने के उपरांत इस समय सड़क नवीनीकरण का कार्य भी युद्धस्तर पर है। इसी कड़ी में इस मार्ग पर भी सड़क का कार्य करवाया जाएगा। नपा प्रशासन ने सड़क नवीनीकरण के कार्य से पूर्व इस मार्ग की प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति में पैमाईश करवाकर निशानदेही करके पीला पंजा चलाया। नपा चेयरमैन विकास यादव ने बताया कि साफ-सफाई के साथ अतिक्रमण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिस मार्ग पर अतिक्रमण नजर आ रहा है उसकी पैमाइश करवाकर हटाया जा रहा है।