नांगल चौधरी। निजामपुर रोड़ पर धोलेड़ा मोड़ के नजदीक एक अनियंत्रित डंपर पशुओं के बाड़े में घुस गया। डंपर ने एक महिला को कुचल दिया। घटना स्थल पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है।
बुधवार सुबह करीब 4.30 बजे सुमन देवी पत्नि रजनीश (24) पशुओं को चारा डालने तथा बाड़े की सफाई करने में जुटी हुई थी। इसी दौरान नांगल चौधरी की तरफ से 4-5 डंपरों ने धोलेड़ा रोड़ टर्न किया। जिनमें पहले पत्थर लोड करने की होड़ थी। एक-दूसरे को पीछे छोड़ने के मकसद से डंपर को तेज रफ्तार से भगा रहे थे। वाटर टैंक के पास पिछले डंपर का संतुलन बिगड़ गया। कटाई नहीं होने के कारण नीचे पशुओं के बाड़े में घुस गया। डंपर ने चार डाल रही सुमन को कुचल दिया, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर को छोड़कर चालक व क्लीनर फरार हो गए। घटना की शिकायत पुलिस को दी गई।
विधायक को बताई समस्या
गुस्साए ग्रामीणों ने हलका विधायक डॉ. अभय सिंह को समस्या से अवगत कराया। विधायक ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद नारनौल सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
ओवरलोड के खिलाफ होगी कार्रवाई
एसएचओ कमलजीत राणा ने बताया कि मेघोत हाला के पास एक डंपर ने महिला को कुचल दिया। डंपर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ओवरलोड की रोकथाम को लेकर पुलिस विशेष अभियान चलाएगी।