नांगल चौधरी। गांव गावड़ी जांट में एक मकान के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में हुए शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो बकरी, पशुचारा समेत घरेलू सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मकान मालिक बल्ला खान के घर के ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे हैं। पीड़ित सुबह घर के अंदर परिवार के साथ था। इसी दौरान तेज हवा चलने बिजली के तारों के आपस में टकराने के कारण स्पॉर्किंग होने लगी। थोड़ी ही देर बाद तार टूटकर छत पर गिर गया और छत पर रखे सामान में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान घर में बंधी दो बकरी भी जल गई। पीड़ित ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।