अमर उजाला ब्यूरो
निजामपुर। नांगल चौधरी-निजामपुर सड़क मार्ग पर शुक्रवार रात को एक बोलेरो गाड़ी ने मोटरसाइकिल के टक्कर मार दी। जिसमें गांव पवेरा निवासी दो युवक घायल हो गए। घायलों को नांगल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर अवस्था देखते हुए उन्हें आगामी उपचार के लिए हायर सेंटर के लिए रेफर किया।
घायल जितेंद्र के पिता सुंदरलाल ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे जितेंद्र व संजीव किसी निजी कार्य से नांगल चौधरी को जा रहे थे। अभी वे नांगल धर्मों के पास ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए फरार हो गई। इसमें दोनों गंभीर चोटें लगी। घायलों को आस-पास के ग्रामीणों की सहायता से नांगल चौधरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालात को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं निजामपुर चौकी इंचार्ज अशोक कुमार ने बताया कि इस घटना की अभी पुलिस के पास कोई सूचना नहीं है, अगर उन्हें कोई शिकायत मिलती है तो वे कार्रवाई करेंगे।