अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। नांगल चौधरी थाना पुलिस ने करीब पांच दिन पहले गांव गोठडी के सरकारी स्कूल में युवकों के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता विकास कुमार ने बतलाया कि पिछले पांच दिनों से सोशल माडियां पर गांव गोठडी के सरकारी स्कूल में हाथों मे अवैध हथियार लेकर मारपीट के संबंध में वायरल हो वीडियो मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गांव गोठडी के बदमाश विरेंद्र ,उसके भाई विजय सिंह व अन्य पांच अज्ञात पर केस दर्ज किया है। प्रवक्ता के अनुसार एसपी चंद्र मोहन स्वयं इस मामले की निगरानी कर रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नांगल चौधरी थाना पुलिस व सीआईए नारनौल लगी हुई है। बता दें कि वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग हथियार लेकर स्कूल के बरामदे में पांच युवकों की पिटाई करते दिख रहे हैं। सभी युवक राजस्थान के बताए जा रहे हैं जबकि आरोपी गोठडी गांव के हैं। आरोपी विरेंद्र पर कई मामले पुलिस में दर्ज हैं।