सुसराल पक्ष पर लगाया दहेज मांगने और जबरन दुष्कर्म करने का आरोप
नारनौल। महेंद्रगढ़ के नजदीक एक गांव की महिला और ग्रामीणों ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपकर ससुराल पक्ष पर दहेज मांगने, दुष्कर्म करवाने में सहयोग करने पर एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई।
पीड़िता के परिजनों ने एसपी कमलदीप को सौंपे ज्ञापन के माध्यम से अवगत करवाया कि उन्होंने अपनी बेटी का विवाह 29 अक्तूबर 2017 को नारनौल के साथ लगते एक गांव निवासी के साथ किया था। शादी में कपड़े, जेवरात, एक गाड़ी और अन्य समान ससुराल पक्ष को दहेज के रूप में दिया। विवाह के कुछ दिनों बाद उसकी सास, ससुर, देवर, पति ने उससे दहेज मांगना शुरू कर दिया। दहेज नहीं देने पर ससुराल पक्ष के लोगों उसके साथ मारपीट करने लगे। वहीं विवाह के कुछ दिन बाद ही उसके ससुर ने उसके साथ अवैध रूप से शारीरिक संबंध भी बनाना शुरू कर दिया। जब उसकी बेटी ने इसका विरोध किया तो ससुर ने उसके मायका पक्ष के परिजनों और उसे जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। जब उसकी बेटी ने अपने पति को ससुर द्वारा उसके साथ शारीरिक संबंधों की बात बताई तो उसने भी उसका साथ नहीं दिया। इससे वह भयभीत हो गई। मायका पक्ष और महिला ने एसपी से ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट करने, दहेज मांगने और शारीरिक संबंध बनाने की एफआईआर दर्ज कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी ने पीड़िता को दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।