फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिकअप में सवार होकर आए चोर,डेढ़ घंटे में दो गांवों से तीन भैंस चोरी कर ले गए

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

महेंद्रगढ़। भैंस चोर गिरोह ने मंगलवार की रात डेढ़ घंटे में दो गांवों से तीन भैंस चोरी कर ली। गिरोह के सदस्य पिकअप गाड़ी में सवार होकर आए थे। चोर गिरोह की पिकअप गांव जांट में मकान के बाहरी हिस्से में लगे सीसीटीवी में रिकार्ड हुई है। पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी है। एसपी चंद्रमोहन ने कहा सभी थाना अधिकारियों को गश्त तेज करने के निर्देेश दिए जाएंगे। सभी नाकों पर भी वाहनों की जांच होगी।
गांव जांट में हनुमान प्रसाद तथा महेंद्र सिंह ने मंगलवार की रात को अपनी भैंस घर के बाहर पशुबाड़े में बांध रखी थी। परिवार के लोग घर के अंदर सोए हुए थे। हनुमान प्रसाद और महेंद्र ने बताया कि सुबह पांच बजे चारा डालने के लिए गए तो बाड़े में भैंस नहीं मिली। आसपास भैंस को खोजा तो कहीं नहीं मिली। महेंद्र ने पुलिस को सूचना देने के लिए 100 नंबर पर डायल किया। जहां किसी ने फोन नहीं उठाया। हनुमान प्रसाद ने किसी से आकोदा चौकी का नंबर लेकर फोन किया। करीब सात बजे पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन

वहीं, गांव में भैंस चोरी होने की जानकारी पर खेतों में रखवाली कर रहे गांव निवासी कर्ण सिंह और मुकेश ने बताया कि रात करीब 12 बजे एक पिकअप गाड़ी बसई की ओर जा रही थी। आगे पानी भरा होने के कारण यह गाड़ी वापस गांव की ओर ही मुड़ गई। पिकअप चालक गाड़ी को तेज गति में वहां से भगा ले गया। हमने चोरी का अंदेशा होने पर आवाजें भी दी। गांव के लोग दूर होने के कारण हमारी आवाज किसी ने नहीं सुनी। हमने गाड़ी का नंबर देखने के लिए बैटरी जलाई तो गाड़ी पर नंबर नहीं थे।

मिलीभगत के बिना चोरी संभव नहीं
गांव वासी हजकां के पूर्व जिला अध्यक्ष भवानी शर्मा ने कहा कि पिछले एक महीने में तीन भैंस चोरी हो चुकी हैं। जिले में बार-बार भैंस चोरी हो रही हैं। पिछली सरकार में भैंस चोरी पर राव दान सिंह पर आरोप लगाने वाले रामबिलास शर्मा अब जनता को जवाब दें। सरकार-प्रशासन की मिलीभगत के बिना चोरी संभव नहीं है।

सीसीटीवी में रिकार्ड हुई पिकअप
गांव वासी सुरेश शर्मा के घर में सीसीटीवी लगा हुआ है। गांव के लोग चोरी की वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज देखने पहुंचे। जहां रात 12 बजकर 18 मिनट पर एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी जाती दिखाई दी। यह तस्वीर पूरी तरह से साफ नहीं हैं।

रैकी के बाद चोरी की वारदात को अंजाम
गांव के निवासी कर्ण सिंह ने बताया कि मंगलवार की शाम तीन से चार बजे के बीच चार-पांच लोग गांव के रास्तों पर घूम रहे थे। इन लोगों ने गांव के लोगों से बातचीत नहीं की। आपस में बातचीत करते हुए ही गांव से वापस चले गए।

गांव मालड़ा निवासी हरिकिशन ने बताया कि सोमवार को उन्होंने अपनी भैंस गाभिन कराई थी। भैंस को घर के सामने ही बीपीएल प्लॉट में डाले गए टीनशेड के नीचे बांधा था। मंगलवार की रात करीब 12 बजे भैंस को संभाला था। सुबह करीब पांच बजे जाकर देखा तो भैंस नहीं मिली। प्लॉट से करीब 500 मीटर दूर एक गाड़ी के टायरों के निशान मिले हैं। अनुमान है कि चोरों ने यहां से ही भैंस को पिकअप में चढ़ाया होगा। हरिकिशन ने कहा कि रात करीब साढे़ बारह से 1:30 के बीच में भैंस चोरी की गई है।

अब तक 48 भैंस चोरी
अगस्त 2018 से अब तक जिले में 48 से अधिक भैंस चोरी हो चुकी हैं। नवंबर-दिसंबर में चोरी की वारदात सबसे अधिक हुई थी। इस मामले में गांव गुलावला के पूर्व सरपंच लालचंद यादव ने भैंस चोरी को लेकर डीसी से लेकर सीएम तक को शिकायत भेजी। उन्होंने पीएमओ भी ईमेल भेजकर भैंस बरामदगी के लिए गुहार लगाई थी। जिले में अब तक तीन भैंस ही बरामद हो सकी हैं।
विज्ञापन


वर्जन
भैंस चोरी के मामले पिछले दो महीने से कम हो गए थे। अब नया केस आया है। गांवों में दोबारा से ठीकरी पहरों की व्यवस्था की जाएगी। सभी नाकों पर संदिग्ध वाहनों की जांच होगी। पुलिस की गश्त को भी बढ़ाया जाएगा।
- चंद्र मोहन, एसपी, महेंद्रगढ़।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें