अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
एक तरफ स्थानीय लघु सचिवालय में व्यापारी नेता जिला में हो रही चोरियों की घटनाओं के विरोध में अनशन पर बैठे हैं। वहीं दूसरी तरफ चोरी की वारदातें लगातार जारी हैं। जिले में हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था की पोल खोल दी है। शनिवार रात को भी चोरों ने यहां के ओल्ड पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूरी पर स्थित एक दुकान को निशाना बनाया। दुकानदार के अनुसार चोर यहां से करीब सवा लाख रुपये की नोटों की मालाएं चुरा ले गए।
‘बगल में छोरा, गांव में ढिंढोरा’ वाली कहावत जिला पुलिस पर सटीक बैठ रही है। जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों तथा उनके ट्रेस नहीं होने पर व्यापानी नेता वैद्य किशन वशिष्ठ अनशन पर बैठे हैं। इस पर जवाब में पुलिस लगातार चोरों की तलाश करने तथा मामलों की जांच में जुटे होने की बात कहती है। मगर पुलिस की कार्रवाई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोरों ने शनिवार देर रात पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर ही एक दुकान का शटर तोड़कर दुकान से सवा लाख रुपये के नोटों की माला तथा अन्य सामान चुरा लिया। अब अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर के बाकि हिस्सों में लोगों के घर और उनकी दुकानें कितनी सुरक्षित हैं।
शनिवार रात को चोरों ने एक बार फिर से पुल बाजार स्थित एक दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने उसी मार्केट को निशाना बनाया, जहां पर गत नवंबर माह में छह दुकानों पर ही चोरी हुई थी। यह जगह ओल्ड पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर है। घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह लगी। मोहल्ला जैर मुंडेरी निवासी पीड़ित दुकानदार भीम सिंह ने बताया कि उसको पड़ोसी दुकानदार का फोन आया कि उसकी दुकान के शटर की नीचे के लोक की पत्तियां कटी हुई हैं। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचा। इस पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दे दी थी। पुलिस की ओर से ओल्ड चौकी से राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। जहां पर उसने व्यापारी के बयान दर्ज किए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दुकानदार ने दुकान का शटर उठाया। जिस पर उसने पाया कि उसकी 21 हजार के नोटों की एक माला, 11 हजार की चार माला, 5100 की पांच, 2100 की चार, 1100 की पांच, 500 की छह, 100 की 15, 200 की चार, 150 की चार व 51 रुपये की 20 माला चुरा ले गए। इसके अलावा गल्ले में रखे 5900 रुपये कैश भी चुरा लिए।
सूचना पाकर पहुंचे अनेक दुकानदार
चोरी की सूचना मिलने पर अनेक दुकानदार मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे लाला गर्ग, मुकेश कुमार व रवि आदि ने इस घटना का विरोध जताया। वहीं उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन दुकानों की रखवाली के लिए 100 रुपये प्रति दुकानदार ले रहा है। वहीं चोरी की घटनाएं रुक नहीं रही हैं।
व्यापार मंडल ने जताया विरोध
हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल ने कहा कि शहर में हुई चोरियों का सुराग लगाने में विफल हुई पुलिस प्रशासन के खिलाफ व्यापारियों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस पिछली चोरियों का पता भी नही लगा पाई है। इसी दौरान मौके पहुंचे डीएसपी बलजीत सिंह संधू ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द चोर पकड़ लिया जाएगा और उनका सामान बरामद कर लिया जाएगा। इस मौके पर शहरी प्रधान सुदर्शन बंसल, पम्मी चौधरी, संजय अग्रवाल व नीरज संघी अनेक व्यापारी मौजूद थे।
चोरियों के विरोध में व्यापारी नेता की भूख हड़ताल जारी
जिले में हो रही चोरी की वारदातों के विरोध में व्यापारी नेता वैध किशन वशिष्ठ की भूख हड़ताल तीसरे दिन रविवार को जारी रही। वशिष्ठ ने कहा कि वे तीन दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं, जबकि प्रशासन चोरी की घटनाओं को रोकने में नाकामयाब है। उन्होंने बताया कि शनिवार रात को फिर से चोरी हो गई, जो पुलिस की नाकामी है। उन्होंने कहा कि पुल बाजार शहर का सबसे व्यस्ततम बाजार है। वहीं यहां से पुलिस चौकी भी महज 100 मीटर दूर है। ऐसे में यह पुलिस प्रशासन की नाकामी है। वहीं उन्होंने कहा कि केंद्रीय विवि मामले में भी अभी एक पक्ष की ओर से ही मामला दर्ज हुआ है। स्थानीय विद्यार्थियों के साथ यह ज्यादती है। वहीं शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा खंडित करने मामले में भी अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस मौके पर खेमचंद शर्मा, धर्मेश जोशी एडवोकेट, मनीष फौजदार, राहुल अग्रवाल, मोहित नूनीवाला, गौरव सैनी, अशोक सैनी, विकास शर्मा, डीके सैनी, जय सिंह, मोहित बंसल, मनोज गोयल, दिनेश चौटाला, मोहित शर्मा, केशव सोनी, हेमराज सोनी, विनोद गुप्ता, राजेश राणा व अजय गोयल सहित अनेक लोग थे।