सतनाली मंडी। रविवार 12 मई को होने वाले आम चुनाव के मद्देनजर सतनाली पुलिस ने राजस्थान सीमा से सटे गांवों में नाकाबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस द्वारा लगाए गए नाकों के निरीक्षण के दौरान सतनाली थाना प्रभारी राजेंद्र कौशल ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह से मुस्तैद है।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा एक नाका माधोगढ़ चौकी पर लगाया गया है जबकि दूसरा नाका सतनाली बास में लगाया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने राजस्थान सीमा से सटे गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सतनाली बास के नाके पर से राजस्थान के खेतड़ी, बुहाना, बलौदा, उरीका, सूरजगढ़, चिड़ावा, झुंझुनू की ओर आवागमन करने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण तरीके चुनाव कराने की कोशिश के तहत सीमा पर नाकाबंदी की गई है और प्रदेश में आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है साथ ही राजस्थान पुलिस से सूचनाएं भी सांझा कर रही है।
थाना प्रभारी ने लोगों को निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने का विश्वास दिलाते हुए शांतिपूर्वक मतदान करवाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता पूरी निडरता के साथ मतदान करें, पुलिस प्रशासन उनके साथ हैं।