अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। हरियाणा सरकार के व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रहे गोपालशरण गर्ग की कथित अश्लील वीडियो क्लिप मामले में पुलिस ने अकाउंटेंट संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। होडल सीआईए ने नारनौल कोर्ट में पेश कर आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी किशन चौधरी, सुरेंद्र चौधरी और केशव संघी के अलावा अन्य को अरेस्ट करने के लिए दबिश दे रही है।
होडल सीआईए के प्रभारी उमर मोहम्मद ने बताया कि आरोपी किशन चौधरी के स्कूल में संदीप अकाउंटेंट था। उसे शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। जांच में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इसके बाद उसे अरेस्ट कर लिया गया था। प्रभारी ने बताया कि संदीप ने पहले एक फर्जी ई-मेल आईडी बनाई। इसके बाद 12 अक्तूबर को झुंझुनू राजस्थान से एक साइबर कैफे करीब से 12-13 लोगों को अश्लील वीडियो क्लिप भेजी थी। इस दौरान संदीप के अलावा अन्य आरोपी थे। सीआईए प्रभारी ने बताया कि इसके बाद 16 अक्तूबर को बहरोड़ के पास से भी आरोपियों ने कई अन्य लोगों को ई-मेल भेजा था। गोपाल शरण गर्ग के भाई हेतराम गर्ग के घर जाकर लैपटॉप पर अश्लील क्लिप दिखाई थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में सुरेंद्र चौधरी, किशन चौधरी और केशव संघी को अरेस्ट करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए होडल पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
बता दें कि हेतराम गर्ग अधिवक्ता ने 6 अक्तूबर को सिटी थाना पुलिस में दी थी जिसमें कहा कि उसका चचेरा भाई गोपालशरण गर्ग एक प्रतिष्ठित व्यापारी है। उनकी किशन चौधरी, सुरेंद्र चौधरी व केशव संघी आदि ने अश्लील वीडियो क्लिप बनाकर वायरल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर गोपाल शरण के अनुरोध पर जांच के लिए होडल पुलिस को भेज दिया था।