गला दबाने से हुई मौत, हत्या का मामला दर्ज
मंडी अटेली। कस्बे में मंगलवार को एक व्यक्ति की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले को लेकर पुलिस ने बुधवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। ये खुलासा नारनौल सामान्य अस्पताल में चिकित्सकों की टीम के माध्यम से करवाए गए पोस्टमार्टम में हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक कस्बावासी दिनेश कटारिया की मौत गला दबाने से हुई है।
पुलिस ने मंगलवार सुबह दिनेश कटारिया का शव कस्बे के हनुमान मंदिर के समीप से बरामद किया था। उसके उपरांत नारनौल सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया था लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की। पोस्टमार्टम न होने तक पुलिस प्रशासन असमंजस की स्थिति में था परंतु चिकित्सकों की कार्यवाही के बाद दिनेश कटारिया की मौत का खुलासा हत्या होना पाया गया। इस पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।