फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन दिन पूर्व लापता बच्चे का शव जोहड़ी में तैरता मिला

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

नारनौल।
शहर के मोहल्ला रावका से तीन दिन पूर्व सात मई की शाम को घर के बाहर खेलते समय लापता हुए 11 वर्षीय बच्चे का शव वीरवार शाम को करीब चार बजे टीबी अस्पताल के पीछे स्थित एक जोहड़ में तैरता मिला। इसकी सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस व परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस व लोगों ने शव को जोहड़ से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने बच्चे की हत्या किए जाने का शक जताया है और पोस्टमार्टम चिकित्सकों के एक बोर्ड से कराने की मांग की। इस पर पुलिस ने चिकित्सकों से बात की। चिकित्सकों ने बच्चे के शव की हालत देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रेफर कर दिया।
वीरवार दोपहर बाद करीब चार बजे किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि टीबी अस्पताल के पास जोहड़ में शव पड़ा है। इस पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस कर्मचारियों ने मौके पर जाकर देखा तो वहां एक शव दिखाई दिया। शव को देखकर पुलिस को शक हुआ कि तीन दिन से मोहल्ला रावका का एक बच्चा लापता है। हो सकता है यह शव उसी बच्चे का हो। इस पर पुलिस ने बच्चे के परिजनों को मौके पर बुलाया और शव को पानी के जोहड़ से निकाला तो शव की पहचान मोहल्ला रावका निवासी 11 वर्षीय रवींद्र पुत्र निहाल सिंह के रूप में हुई। तीन दिन पहले लापता हुआ था रविंद्र
विज्ञापन

मोहल्ला राव का निवासी कक्षा छह में पढ़ने वाला 11 वर्षीय रविंद्र तीन दिन पहले सात मई की शाम को करीब पांच बजे घर से बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों ने बच्चे की खूब तलाश की, मगर वह कहीं नहीं मिला। रिश्तेदारी व जान पहचान वालों के फोन करने के बाद जब बच्चा नहीं मिला तो परिजनों ने इसकी सूचना अस्पताल चौकी पुलिस को दी थी। रविंद्र एएसडी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ता था और बच्चे के पिता निहाल सैनी की मानक चौक पर दही बल्ला व गोल गप्पे की दुकान है।
इकलौता पुत्र था रविंद्र, एक है छोटी बहन
रविंद्र अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था, वहीं उसकी एक छोटी आठ साल की बहन भी है, जो एएसडी स्कूल में ही पढ़ती है। दोनों भाई-बहन मोहल्ले के बच्चों के साथ रोजाना शाम को घर के बाहर ही खेलते थे।
परिजनों की मांग पर पीजीआई होगा पोस्टमार्टम
मृतक बच्चे के पिता निहाल सैनी व अन्य परिजनों ने पुलिस को इस बारे में शिकायत देकर अज्ञात के खिलाफ उनके बच्चे की हत्या किए जाने का शक जाहिर किया है। वहीं उन्होंने पुलिस व परिजनों से मांग की कि बच्चे का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के एक बोर्ड से हो। इसके बाद चिकित्सकों ने शव की हालत को देखते हुए डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक रेफर कर दिया।
लोगों में दहशत, सोशल मीडिया पर भी लोग जता रहे दुख
बच्चे का शव मिलने के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। अनेक लोग एक-दूसरे से फोन पर या व्हाट्सएप पर इसकी सूचना दे रहे हैं। वहीं सोशल साइट व्हाट्एप व फेसबुक पर भी शहर में हुई इस घटना पर लोग दुख जता रहे हैं।
विज्ञापन

पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई रेफर करा दिया है। मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-वेद प्रकाश, एसएचओ, थाना शहर नारनौल।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें