महेंद्रगढ़ (ब्यूरो)। न्यायालय परिसर महेंद्रगढ़ में रविवार की रात को पुलिसकर्मी को गोली मारने के मामले में आरोपी अजीत को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गौरतलब है कि महेंद्रगढ़ खजाने में तैनात राजेश कुमार और अजीत सिंह गहरे दोस्त बताए जाते थे। दोनों का आपस में पैसे का लेनदेन भी बताया जा रहा था, लेकिन किसी तरह का कोई विवाद दोनों के मध्य नहीं था। रात्रि को खाने-पीने के बाद दोनों के मध्य किसी बात को लेकर हुई तकरार के कारण अजीत सिंह ने अपने रिवॉल्वर से गोली चला दी जो राजेश के पेट में से पार होकर निकल गई। इस संबंध में थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अजीत को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।