नारनौल। नांगल चौधरी थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव से पुलिस ने तीन घरों में छापेमारी कर 99 पेटी शराब समेत अन्य मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी विजेंद्र को गिरफ्तार कर पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। विजेंद्र के पास से शराब, गांजा, अफीम के अलावा 3.85 लाख कैश व विभिन्न प्रकार के गहने भी बरामद हुए हैं।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सोमवार की देर शाम गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर गांव में आरोपी विजेंद्र, विक्रम व बबलू अवैध शराब व मादक पदार्थ की चोरी छिपे बिक्री कर रहे है। सूचना पर पुलिस की टीम ने वहां पर छापा मारा। तलाशी के दौरान आरोपी विजेंद्र के मकान से तीन किलो 520 ग्राम गांजा, 830 ग्राम डोडा पोस्त, 510 ग्राम अफीम, 218 ग्राम अफीम नुमा पदार्थ, 245 ग्राम भुक्की, 43 पेटी शराब देशी व 10 पेटी बीयर, 3.85 लाख रुपये व सोने के गहने बरामद हुए हैं। आरोपी बबलू उर्फ अजय के मकान से 22 पेटी देशी व अंग्रेजी अवैध शराब बरामद हुई। विक्रम से 24 पेटी बरामद हुई। पुलिस ने विजेंद्र के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बबलू व विक्रम के खिलाफ कार्रवाई पर शराब आबकारी विभाग को सौंप दी गई है। नांगल चौधरी थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि आरोपी विजेंद्र के पास से नशीले पदार्थ के साथ ही 3.85 लाख रुपये व गहने बरामद हुए हैं।