नारनौल। नारनौल-महेंद्रगढ़ रोड पर सड़क हादसे में स्कूटी सवार बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जबकि शिक्षिका घायल हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार पर केस दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला रावका निवासी सरोज यादव (38) आधारशिला विद्यापीठ स्कूल में शिक्षिका है। वीरवार को दोपहर बाद तीन बजे सहेली प्रिया की मां मंजू देवी (50) को स्कूटी से नसीबपुर से नारनौल लेकर आ रही थी। पुलिस को दी शिकायत सरोज ने बताया कि जब नसीबपुर जेल के पास एक मोटरसाइकिल ने सीधी टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर गिर गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मंजू देवी को मृत घोषित कर दिया। पीड़िता की शिकायत में सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।