अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। चार शातिर महिला चोरों ने मंगलवार को सराफा बाजार स्थित श्रीकृष्ण ज्वेलर्स से करीब 1317 ग्राम (131.7 तोले) सोने के जेवर चोरी करके ले गई। जेवर चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं, सराफा बाजार के अन्य ज्वेलरों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर बाजार बंद कर दिया और परशुराम चौक पर धरना देकर नारेबाजी की।
संजीव कुमार ने बताया कि उसकी सराफा बाजार में श्रीकृष्ण ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। मंगलवार सुबह करीब साढे़ 11 बजे चार महिलाएं दुकान पर आई। महिलाओं के साथ पांच-छह साल का एक बच्चा भी था। एक महिला ने पैरों में पहनने के लिए चुटकी मांगी। इसके बाद महिलाएं चली गई। संजीव कुमार ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे एक अन्य ग्राहक दुकान पर आया और सोने की अंगूठी मांगी। वह गहनों वाला डिब्बा ढूंढने लगा तो दुकान में डिब्बा नहीं मिला। इसके बाद उसने सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। फुटेज में देखा कि सुबह साढ़े 11 बजे जो चार महिलाएं आई थी, उनमें से एक महिला जेवरों के डिब्बे को पॉलिथीन में डालकर ले गई। संजीव कुमार ने बताया कि उक्त डिब्बे में करीब 1317 ग्राम सोना था। वारदात की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया। वहीं, वारदात के बाद मौके पर एकत्र हुए दुकानदारों ने रोष जाहिर किया।
दुकानदारों ने स्वर्णकार संघ के प्रधान लक्खी सोनी के नेतृत्व में बाजार को बंद कर परशुराम चौक पर धरना शुरू कर दिया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सामान बरामदगी की मांग रखी। डीएसपी सतेंद्र कुमार धरना खत्म कराने के लिए मौके पर पहुंचे। दुकानदारों ने कहा कि जब तक एसपी विनोद कुमार मौके पर आकर भरोसा नहीं दिलाएंगे। तब तक धरना जारी रखेंगे। प्रधान ने बताया कि मंगलवार को सोने के जेवर का भाव 32500 रुपये प्रति तोला था।
ढाई घंटे बाद मिली जानकारी
महिलाओं के जाने के बाद दुकानदार संजीव को दुकान में चोरी होने का अहसास नहीं हुआ। करीब दो बजे जब किसी दूसरे ग्राहक ने सोने की अंगूठी मांगी तो संजीव ने तिजोरी के पास डिब्बा खंगाला। वहां डिब्बा नहीं मिला तो तिजोरी को देखा। दुकान में रखी दोनों तिजोरियों में डिब्बा नहीं मिला तो उसे चोरी का अंदेशा हुआ और फिर सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
वर्जन
चोरी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पांच टीम अलग-अलग एरिया में भेजी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज से में दिखाई दे रही महिलाओं की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
- सतेंद्र कुमार, डीएसपी, महेंद्रगढ़।