अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। दीपावली के त्योहार पर जिले में पटाखों की बिक्री को लेकर जिला प्रशासन अभी तक कोई निर्णय नहीं ले सका है। इससे दुकानदारों और लोगों में मायूसी है। उनका कहना है कि दो दिन बाद त्योहार है। दूसरी ओर सीआईए टीम ने रविवार को एक लाख रुपये के अवैध विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किये हैं।
सीआईए टीम ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर रेवाड़ी रोड पर बस स्टैंड के नजदीक छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखों को बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को भी काबू किया। बरामद पटाखों की बाजार में कीमत एक लाख रुपये आंकी गई है।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि बस स्टैंड के पास एक मकान में अवैध रूप से पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। जिस पर सीआईए टीम ने मकान में छापेमारी कर काफी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए। आरोपी श्रीकांत को भी पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सीआईए प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि आरोपी कोटपूतली राजस्थान से पटाखे खरीद कर लाया था। बेचने से पहले ही काबू आ गया। उन्होंने कहा कि आरोपी ने पटाखों को गोदाम में छिपाकर रखा था। पुल बाजार वासी अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि पटाखों के बिना दीपावली का त्योहार फीका रहेगा। इस बारे में जल्द ही जिला प्रशासन को कोई निर्णय लेना चाहिए। वहीं, विकास ने कहा कि शहर में पटाखों की बिक्री नहीं होने पर दूसरे शहर से पटाखे खरीदकर लाने पड़ेंगे।
नहीं दिया लाइसेंस
दूसरी ओर जिला प्रशासन ने पटाखों की बिक्री को लेकर कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किया है। पिछले साल भी दीपावली पर लक्की ड्रा निकालने के बाद पटाखों की बिक्री रद्द कर दी थी। इस साल त्योहार के दिन दिल्ली में वायु प्रदूषण को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने दिशा निर्देश जारी किया हुआ है।
वर्जन
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार जिले में पटाखे बेचने के बारे में सोमवार को निर्णय लिया जाएगा।
- डॉ. गरिमा मित्तल, डीसी।