ऑपरेशन मुस्कान : तहत 6 घुमंतू समुदाय के बच्चों को किया परिजनों के हवाले
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। जीआरपी चौकी पुलिस की ओर से आपरेशन मुस्कान के तहत महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर घुमंतू समुदाय के छह बच्चों को पकड़कर उनके परिजनों के हवाले किया गया। इनमें से कुछ बच्चे अपने परिवार का पता बताने में भी असमर्थ थे उनकी जिला बाल कल्याण समिति की पूर्व चेयरपर्सन मंजु कौशिक द्वारा काउंसलिंग कर उनके परिजनों का पता किया और उन्हें जीआरपी चौकी बुलाकर बच्चों की अच्छी प्रकार से देखरेख व उनका पालन-पोषण करने की हिदायत देते हुए उनके हवाले कर दिया।
चौकी इंचार्ज धर्मवीर ने बताया कि रविवार को महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर घुमंतू समुदाय के बच्चे अरमान, असकाना, फासिया, आनिचर, रणजीतनाथ व मरजीना को महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर घूमते हुए देखा। तत्पश्चात इन सभी बच्चों की सूचना जिला बाल कल्याण समिति की पूर्व चेयरपर्सन मंजु कौशिक और समिति सदस्य महावीर सिंह को दी गई। चेयरपर्सन मंजु कौशिक ने स्वयं जीआरपी चौकी पहुंचकर इन बच्चों की काउंसिलिंग चौकी इंचार्ज धर्मवीर सिंह और समिति सदस्य महावीर प्रसाद के समक्ष करते हुए इन बच्चों के अभिभावकों से संपर्क साधा गया। सीडब्ल्यूसी मेंबर महावीर प्रसाद ने कहा कि आपरेशन मुस्कान के तहत इस प्रकार के अभियान समय-समय पर चलाए जाते रहे हैं।