अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दिन दहाड़े मुनीम से 2.34 लाख की नकदी, बाइक और सोने की चेन लूट ले गए। शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात चार युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ेके अनुसार हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रहे गोपाल शरण गर्ग के छोटे भाई सतीश गर्ग की मुकुंदपुरा के पास चिराग की ढाणी में गर्ग क्रशर है। सोमवार की सुबह 11 बजे मुनीम रणधीर बाइक पर क्रशर से 2.30 लाख रुपये लेकर नारनौल बैंक में जमा करने के लिए आ रहा था। जैसे ही वह मुकुंदपुर के मोड़ के पास पहुंचा एक बाइक पर तीन युवक आए और उसे ओवरटेक करके रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता युवकों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। इससे रणधीर बाइक से गिर गया और बदमाशों ने 2.30 लाख रुपये की नकदी छीन ली। इसके बाद बदमाशों ने रणधीर से चार हजार कैश, सोने की चेन, पर्स और बाइक छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। मौके पर सदर थाना प्रभारी पहुंचे और मुनीम से वारदात के बारे में जानकार ली। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। क्रशर पर काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को पता था मुनीम कैश लेकर जा रहा है। पुलिस ने नारनौल और आसपास के नाके लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी, लेकिन आरोपियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। दूसरी क्रशर से कर्मचारियों ने भी बाइक की तलाश में बायल और निजामपुर एरिया में तलाश की, लेकिन बाइक नहीं मिली।
रेकी करने के बाद दिया वारदात को अंजाम
बदमाशों को पहले से मालूम था कि क्रशर से रणधीर कैश लेकर रोजाना नारनौल जाता है। बताया जा रहा कि एक युवक मुकुंदपुरा के पास पहले से बैठा हुआ था। जैसे की रणधीर बाइक पर आता दिखाई दिया उसने साथियों को फोन कर दिया। इसके बाद एक बाइक पर तीन युवक सवार होकर आए और वारदात को अंजाम दे दिया। इसके बाद तीनों युवक एक बाइक से फरार हो गए जबकि रणधीर की बाइक चौथा आरोपी लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने चेेहरा कपड़े से ढक रखा था।