अमर उजाला ब्यूरो
सतनाली मंडी। तीन बदमाशों ने गांव सोहडी में शराब ठेके के कारिंदे की कनपटी पर पिस्तौल लगाकर गल्ले में रखी 4500 रुपये की नगदी को लूट लिया। पीड़ित ने चार दिन बाद पुुलिस को शिकायत दी। पुुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम गांव सोहडी के शराब ठेके पर एक बाइक पर आए तीन नकाबपोश युवकों ने सेल्समैन से कट्टे के बल पर गल्ले में रखी नकदी लूट ली। बदमाशों ने जाते-जाते धमकी देते हुए कहा कि यदि पुलिस में शिकायत की तो जान से हाथ धो बैठोगे। सोमवार शाम पीड़ित ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने सोमवार देर रात तक वारदात में शामिल एक आरोपी को योगेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में ही अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि सोहडी के सुभाष की शिकायत पर यह केस दर्ज किया है। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे एक प्लसर बाइक पर तीन युवक आए थे। जिन्होंने अपने मुंह पर रुमाल बांध रखे थे। जिसमें दो युवक ठेके में घुस आए। देशी कट्टा कनपटी पर रख दिया। गल्ले में रखी 4500 रुपये की नगदी निकाल ली। आपसी बातचीत में बदमाश एक युवक को योगेश खुडाना के नाम से पुकार रहे थे। योगेश ने बताया कि वारदात में हिसार के भाटौल निवासी सुरेन्द्र उर्फ बंटी (30) व खुड़ाना निवासी गोंविद (18) शामिल थे।