गांव नावां में राजकीय प्राथमिक पाठशाला के मुख्य शिक्षक राजेश को गांव की निवासी महिला सुदेश ने अपने बेटे के साथ मिलकर चप्पल से पीटा। मुुख्य शिक्षक ने इन दोनों पर गाली-गलौज का केस भी दर्ज कराया है। दरअसल हेड टीचर राजेश ने शराब पीकर स्कूल में घुसे घनश्याम को परिसर से बाहर निकाल दिया था। जिस पर गुस्साया घनश्याम अपनी मां को अपने साथ स्कूल लेकर पहुंचा।
गांव नावां के राजकीय प्राथमिक पाठशाला के मुख्य शिक्षक राजेश ने अपनी शिकायत में कहा मंगलवार को वह स्कूल में ऑफिस के कार्य कर रहा था।इसी बीच उन्हें पता लगा कि एक युवक शराब के नशे में स्कूल में घुस आया है। उन्होंने नशे की हालत में आए 30 वर्षीय घनश्याम उर्फ घोलू को परिसर से बाहर निकाल दिया। कुछ देर बाद घनश्याम उर्फ गोलू अपनी मां सुदेश के साथ स्कूल में आया। यह दोनों गाली-गलौज करते हुए कार्यालय में घुस आए। मुख्य शिक्षक राजेश ने आरोप लगाया कि सुदेश ने अपने पैर में पहनी चप्पल निकालकर मारा। वहां जेबीटी राज सिंह गोदारा, चपरासी पवन कुमार मौजूद थे। बाद में शोर सुनकर जेबीटी अशोक मिश्रा भी आ गए। इन तीनों से मां -बेटे की मारपीट से छुड़ाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला व उसके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया कि नावां की राजकीय प्राथमिक पाठशाला के मुख्य शिक्षक राजेश की शिकायत के आधार पर घनश्याम और उसकी मां सुदेश के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।