महेंद्रगढ़ शहर में दादरी-नारनौल नेशनल हाईवे 148बी का हिस्सा गांव की गलियों से भी बदहाल है। मंगलवार दोपहर महज 1.1 एमएम बरसात से हाईवे पर बारिश का पानी जमा हो गया। हाईवे पर करीब एक किलोमीटर के एरिया में सड़क की खस्ता हालत है। यहां कीचड़ और बड़े गड्ढों के बीच हाईवे की पहचान नहीं हो पाती। इस कारण यहां रोजाना जाम की समस्या बन रही है। दोपहर के समय स्कूली बसें भी इस जाम में फंसी रहती हैं।
नेशनल हाईवे 148बी दादरी से नारनौल होते हुए राजस्थान बॉर्डर तक जाता है, जिसमें करीब दो किलोमीटर एरिया महेंद्रगढ़ शहर के बीच से गुजरता है। रिवासा आरओबी से सतनाली चौक तक लगभग एक किलोमीटर एरिया में हाइवे बुुुरी तरह से जर्जर है, जिसमें कहीं सड़क नहीं बची है। बूंदाबांदी से ही यहां कीचड़ का साम्राज्य हो जाता है। यह स्थिति दो-तीन दिन तक बनी रहती है। सोमवार की शाम चार एमएम बारिश के बाद मंगलवार दोपहर एक बजे करीब 1.1 एमएम बारिश हुई, जिसके बाद हाईवे पर हालात खराब हो गए। कीचड़ के कारण लोगों का हाईवे से गुुजरना मुश्किल हो गया। प्रदेश के शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा के आवास के पास भी करीब एक फीट पानी भर गया। चारों ओर कीचड़ के दुपहिया वाहन चालकों व पैदल यात्रियों का निकलना मुश्किल हो गया।
पत्थर, कंकरीट के पुराने ब्लाक डाले
पीडब्ल्यूडी की ओर से एनएच पर पत्थर डलवाए गए हैं। इसके अलावा जलभराव वाले एरिया में कंकरीट के पुराने ब्लॉक डाले जा रहे हैं। जिनके बीच मिट्टी डालकर रास्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे हालात सुधरने की बजाए और बिगड़ रही है। कंकरीट के ब्लॉक अपनी जगह से खिसकने के कारण छोटे वाहन चालकों को दिक्कतें आ रही हैं।
बोले जिला वासी
बारिश के मौसम में हमारी दुकानदारी पूरी तरह से खराब हो जाती है। रोड पर दोनों ओर पानी भर जाता है। मंत्री की कोठी के पास होने के बाद भी हमें कोई फायदा नहीं हुआ। नेशनल हाईवे का इतना बुरा हाल शायद ही कहीं होगा।
- आनंद शर्मा, दुकानदार
तीन दिन पहले यहां से यहां से हाईकोर्ट के जज की गाड़ी भी यहां से गुजरी थी। उनकी गाड़ी करीब दो फीट पानी के बीच से गुजरी थी। हाईवे से पानी निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। इस कारण मामूली बारिश से ही जलभराव हो जाता है।
- अमित कुमार, दुकानदार
पानी भरने से दुकानदार काफी परेशान हैं। स्कूली बच्चों की गाड़ी रोजाना जाम में फंसती है। पानी भरा होने के कारण हमारी दुकानों पर ग्राहक भी आने से गुरेज करते हैं। दुकानदारों की सुध लेने के लिए कोई नहीं आता।
- संदीप प्रजापत, दुकानदार
सीवरेज व्यवस्था जाम होने के कारण पानी ओवरफ्लो होता है। कई बार बरसाती गंदा पानी हमारी दुकान के अंदर घुस जाता है। इस बारे में अधिकारियों को कई बार अवगत करा चुके हैं। यहां हर साल इस तरह का माहौल रहता है।
- पार्थ, दुकानदार
सतनाली मेन चौक होने के कारण यहां रोजाना जाम लगता है। अधिकारी इस एरिया की सुध लेने नहीं आते। सभी अधिकारी, मंत्री यहां से गुजरते हैं। इसके बाद किसी के कान पर जूं नहीं रेंगती। समस्या का समाधान करने का कोई प्रयास नहीं हो रहा।
यश, दुकानदार
पहले यह हिस्सा एनएचएआई के पास था, जिसकी मेंटीनेंस पीडब्ल्यूडी को दी गई है। बारिश में पानी भरने के कारण हाईवे टूट गया। स्टोर में रखे ब्लॉक को लगाकर बरसाती पानी के बीच से रास्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बरसाती सीजन खत्म होने के बाद पेचवर्क कराएंगे।
- पवन दत्त, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी महेंद्रगढ़।