मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने मंगलवार को मिठाई के गोदाम पर छापा मारा। यहां पर करीब 980 किलो रसगुल्ला व 312 किलो गुलाब जामुन मिला। टीम ने दोनों का सैंपल लिया है। वहीं सोमवार की देर शाम बायल स्थित एक शराब के ठेके अवैध शराब बरामद होने पर पुलिस ने मंगलवार को विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
सीएम उड़नदस्ता रेवाड़ी के डीएसपी विरेंद्र सिंह ने सोमवार को एक टीम गठित की थी। टीम में एसआई रामपाल व सिपाही सुनील समेत अन्य ने गांव बायल में शाम सात बजे जगदीश वाइनसं के मुख्य ठेके पर छापा मारा। जहां पर संचालक मारौली निवासी बिशंभर मिला। आबकारी निरीक्षक जतिन प्रसाद ने ठेके में रखी शराब का स्टॉक चेक किया गया। जांच में पाया गया कि काफी शराब बगैर परमिट व बिना बैच नंबर की रखी हुई थी। शराब के गोदाम के बिल-पर्चों से कोई मिलान नहीं पाया गया। अवैध शराब की अलग-अलग मार्का की 53 पेटी अंग्रेजी शराब व 8 पेटी देशी शराब को कब्जे में लेकर स्थानीय पुलिस को जानकारी दी।
आबकारी निरीक्षक की शिकायत पर शराब ठेकेदार के खिलाफ नांगल चौधरी थाना पुलिस ने धोखाधड़ी व आबकारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। निजामपुर चौकी प्रभारी रामेश्चवर ने बताया कि आरोपी ठेकेदार की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दूसरी ओर मंगलवार दोपहर बाद टीम ने मोहल्ला पुरानी सराय निवासी लीलाराम यादव के फार्म हाउस से काफी मात्रा में रसगुल्ला व गुलाब जामुन का स्टॉक पाया। डॉ. भंवर सिंह ने दोनों का सैंपल लिया है। दुकानदार अपने घर पर मिठाई रखी थी। उसके पास लाइसेंस नहीं मिला है। इस दौरान सीआईडी की टीम भी मौजूद रही।