मल्टीपर्पज हाल में सीढ़ियों के उपर उखड़ा पेंट । संवाद
- फोटो : Narnol
नारनौल। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में लोक निर्माण विभाग की ओर से 5.65 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया बहुउद्देशीय हॉल सुपुर्दगी से पहले ही बदहाल हो गया है। महाविद्यालय की प्राचार्य पूर्ण प्रभा ने जब शुक्रवार को बहुउद्देशीय हॉल का निरीक्षण किया तो स्थिति खराब मिली। हॉल के ऊपर बने कमरों की दीवारों में दरारें पड़ी थी, कई स्थानों पर शीशे भी टूटे मिले। हॉल की सिलिंग से पानी भी टपकने का अंदेशा जताया जा रहा है। प्राचार्य ने कहा कि हॉल के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। इसकी जांच करवाई जाएगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखा जाएगा। इसके बाद भी कमियों को दूर नहीं किया गया तो उपायुक्त को नमूने की जांच के लिए लिखा जाएगा।
2017 में सूबे के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बहुउद्देशीय हॉल बनाए जाने की घोषणा की थी। 29 नंवबर 2018 को हॉल के लिए सरकार ने 5.65 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए थे। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू करवा दिया था। कोविड की वजह से यह काम निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो पाया था। उसके बाद सरकार ने ठेकेदार का समय बढ़ा दिया था। अब इसका काम पूरा हो चुका है और महाविद्यालय को सौंपने की तैयारी की जा रही है। शुक्रवार को प्राचार्या पूर्ण प्रभा ने अपने स्टाफ सदस्य एसो. प्रोफेसर डॉ. चंद्रमोहन, डॉ. राष्ट्रपाल के साथ हॉल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने हॉल की सिलिंग के अंदर पानी टपने के निशान दिखाई दिए, हॉल के अंदर बने स्टेज की लकड़ी की प्लाई उखड़ी हुई मिली, स्टेज पर चढ़ने के लिए बनाया गए रैंप की टाइल्स उखड़ी थीं और उसका जोड़ भी ठीक नहीं था। सीढ़ियों पर बनाया गया गेट का हैंडल तथा एक तरफ का शीशा टूटा हुआ था। छत पर बनाए गए कमरों के अंदर तथा बरामदे की दीवार में दरारें आई हुई थीं। इसके अलावा सीढ़ियों के ऊपर बनाई गई छत पर सीलन आई थी तथा प्लास्टर फूला हुआ था। उन्होंने बताया कि पीछे की ओर का ढाल भी ठीक नहीं है। इससे बारिश होने पर पानी जमा होता है।
-
पीडब्ल्यूडी ने नहीं दूर कीं कमियां
प्राचार्य पूर्ण प्रभा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण कार्य कई दिन पहले ही पूरा किया जा चुका है। पीडब्ल्यूडी हॉल को महाविद्यालय को सौंपने के लिए भी कह चुका है लेकिन उसके अंदर पहले कई कमियां निकालकर दी थीं जिसे दूर नहीं किया गया। बाद में मजबूरी में उपायुक्त को भी ठीक करवाने के लिए लेटर लिखना पड़ा था। उनमें आधी कमियां ठीक की गई हैं।
-
निर्माण कार्य की कराई जाएगी जांच
शुक्रवार को स्टाफ के सदस्यों के साथ बहुउद्देशीय हॉल का निरीक्षण किया तो छत के कमरों में दरारें आई हुई थीं। अभी तो यह सुपुर्द भी नहीं किया गया, इससे पहले दीवारों में दरारें आ गई हैं। कहीं न कहीं काम में लापरवाही अवश्य बरती गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र भेज कर जांच कराई जाएगी। अगर उसके बाद भी कार्रवाई ठीक से नहीं की गई तो उपायुक्त को लेटर लिखकर नमूने भरवाए जाएंगे।- पूर्ण प्रभा, प्राचार्य