नारनौल। जिले की दो नगर पालिका व एक नगर परिषद के चुनावों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। सोमवार को चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए प्रशासन की तरफ से सभी तैयारियां कर ली गई है। दूसरी ओर अभी तक किसी भी पार्टी ने चेयरमैन पद के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। वहीं गत दिवस भाजपा ने निकाय चुनाव जजपा के साथ गठबंधन की बजाय अकेले लड़ने की घोषणा की है। जिसके बाद से विशेेष रूप से नारनौल परिषद के समीकरण बदल गए है, क्योंकि भाजपा-जजपा के गठबंधन में चुनाव भाजपा-जजपा और आम आदमी के बीच में ही मुकाबला देखा जा रहा था। मगर भाजपा के अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद मुकाबला त्रिकोणीय बनता नजर आ रहा है।
त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा उम्मीदवारों को जजपा और आम आदमी से कड़ी टक्कर मिलने की संभावना है, क्योंकि जजपा की ओर चेयरमैन पद के लिए जजपा नेता कमलेश सैनी का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। जोकि 2019 विधानसभा चुनावों में शहरी क्षेत्र से विजेता रही थी। हालांकि अबकी बार 7-8 गांव नगर परिषद में शामिल हो गए हैं। इनमें कई गांवों में भाजपा विजेता रही थी। वहीं भाजपा की तरफ से चेयरमैन पद के कई दावेदार होने के कारण पार्टी अभी तक अपने उम्मीदवार का निर्णय नहीं कर सकी है। जबकि आम आदमी पार्टी की तरफ से कांता यादव, सुरेश सैनी की पत्नी सोनू सैनी व डॉ. राजसुनेश यादव के नाम भेजे गए हैं। हालांकि पार्टी ने अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है, लेकिन आगामी एक-दो दिन में उम्मीदवार की घोषणा कर दी जाएगी। वहीं चेयरमैन पद के संभावित उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी दावेदारी जताते हुए अपनी पार्टी हाईकमान के समक्ष डेरा डाल रखा है। वहीं भाजपा संभावित उम्मीदवारों की घोषणा एक जून पंचकूला में होने वाली चुनाव समिति की बैठक में या उसके बाद कर सकती है। भाजपा की ओर से निकाय चुनावों के लिए प्रदेश सभी जिलों के लिए चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। जिला महेंद्रगढ़ के लिए स्थानीय शहरी एवं निकाय मंत्री कमल गुप्ता को चुनाव पर्यवेक्षक बनाया है। जिनकी देखरेख में चुनाव करवाए जाएंगे।
इंसेट
आम आदमी पार्टी ताकत दिखाने के लिए तैयार
पंजाब में जिस तरह से आम आदमी पार्टी ने सरकार बनाई है। उसके बाद से आप का जनाधार प्रदेश में लगातार बढ़ रहा है। पंजाब चुनाव पूर्व जिले में आप के गिने-चुने नेता दिखाई पड़ते थे। वहीं आज जिले आम आदमी पार्टी ही चर्चा हो रही है। ऐसे में निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी नेता अपनी ताकत दिखाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। जबकि जजपा और भाजपा ने भी अलग-अलग निकाय चुनाव लड़ने का निर्णय कर लिया है। ऐसे में निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी, भाजपा और जजपा के बीच ही कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है। जबकि कांग्रेस व इनेलो की ओर से अभी तक किसी मजबूत उम्मीदवार ने अपनी दावेदारी पेश नहीं है, तो निर्दलीय में भी एक-दो उम्मीदवार ही निकल कर सामने आए है।
इंसेट
सभी पार्टियों सिंबल पर लड़ेंगी चुनाव
निकाय चुनाव में जिले में मुख्य रूप से भाजपा, जजपा और आम आदमी पार्टी ही मैदान में है। उक्त सभी पार्टियों ने निकाय चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ने की घोषणा की है। हालांकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी जहां नगर परिषद हैं वहां चुनाव पार्टी सिंबल लड़ेगी। वहीं नगर पालिका वार्डों के चुनाव पार्टी की जिला इकाई पर छोड़ दिए गए हैं। जिस जिले में सहमति मिलेगी वहां संभावित उम्मीदवारों को पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने की अनुमति दी जाएगी।