नारनौल। मिशन बुनियाद के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए चयनित हुए विद्यार्थियों की काउंसलिंग दो जुलाई को राजकीय माॅडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल में होगी। जिले के 187 चयनित विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने राजकीय विद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से मिशन बुनियाद योजना बनाई है। शिक्षा विभाग के दिशा निर्देशानुसार 4 मई को जिले में मिशन बुनियाद लेवल-3 की परीक्षा व ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन लघु सचिवालय नारनौल स्थित ऑडिटोरियम हॉल में किया गया था। इसके तहत 187 विद्यार्थियों का चयन बुनियाद कार्यक्रम के लिए किया गया है। हरियाणा सरकार और विकल्प फाउंडेशन द्वारा चलाया जा रहे मिशन बुनियाद कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2022 में की गई थी। हरियाणा में शिक्षा विभाग द्वारा इस योजना के तहत 9वीं और 10वीं कक्षा के 5000 से अधिक विद्यार्थी 103 केंद्रों में कुल 206 कक्षा केंद्र पर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। मिशन बुनियाद के अंतर्गत, 9वीं और 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य बच्चों के बीच में एक स्वतंत्र, सकारात्मक और प्रतिस्पर्धी भावना बढ़ाना है। बुनियाद कार्यक्रम में बच्चों को निशुल्क वर्दी, पाठ्यपुस्तकें, टैबलेट व बुनियाद सेंटर तक आने जाने के लिए भत्ता दिया जाता है। महेंद्रगढ़ जिले में राजकीय माडल संस्कृति विद्यालय नारनौल, महेंद्रगढ़, अटेली व कनीना को शिक्षा विभाग द्वारा बुनियाद केंद्र बनाया गया है।
यह दस्तावेज लाना जरूरी
विद्यार्थियों को अपने साथ स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट, अपना और अभिभावकों का आधार कार्ड, मिशन बुनियाद का लेवल-3 का परिणाम, आठवीं कक्षा की अंक तालिका, पास बुक, पासपोर्ट साइज फोटो व परिवार पहचान पत्र लाना आवश्यक है।
वर्तमान सत्र 2024-26 के लिए 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों के चयन के लिए खंड व जिला स्तर पर बुनियाद के तीनों लेवल की परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं। महेंद्रगढ़ जिले के 187 चयनित विद्यार्थियों की बुनियाद केंद्रों में दाखिले के लिए काउंसलिंग राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल में दो जुलाई को होगी। ये सभी विद्यार्थी इस समय 9वीं कक्षा में जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में अध्ययन कर रहे हैं।
रविंद्र कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ
हरियाणा शिक्षा विभाग के आदेशानुसार सभी चयनित विद्यार्थियों के विद्यालय मुखिया को खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों काे सभी जरूरी दस्तावेज संबंधित स्कूल से लेकर मिशन बुनियाद के काउंसलिंग प्रोग्राम में शामिल होना सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया जा चुका है।
सुनील दत्त, जिला शिक्षा अधिकारी नारनौल।