जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को जिले में 41 नए कोरोना वायरस संक्रमित केस मिले। इसमें सबसे अधिक केस 13 बजाड़ गांव और 24 नारनौल शहर से आए हैं जबकि अन्य दूसरे जगहों से मिले हैं। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 1191 हो गई है। सोमवार को 6 कोरोना संक्रमित मरीज को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया है। जिले में कुल 835 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। जिले में कोरोना के 355 केस अभी भी एक्टिव हैं।
सीएमओ डॉ.अशोक कुमार ने बताया कि जिले में 41 नए केस सोमवार को आए हैं। उन्होंने बताया कि इसमें 21 केस कंटेनमेंट जोन में हुए एंटीजन टेस्ट में आए हैं। डॉ. अशोक ने बताया कि सोमवार को छह मोबाइल टीमों ने 522 लोगों की स्क्रीनिंग की है। जिले में 17 अगस्त तक 87420 नागरिकों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से 51274 मरीजों में सामान्य बीमारी पाई गई है। कोविड-19 के लिए अब तक जिले से 22046 सैंपल भेजे गए हैं। इनमें 703 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है। स्वास्थ्य विभाग के नारनौल शहर में सोमवार को 24 केस आए। इसमें मोहल्ला चांदुवाड़ा में दो, मोहल्ला नलापुर में तीन, होटल अपार में एक कर्मचारी और मोहल्ला मिश्रवाड़ा में आठ मरीज मिले हैं। इसमें एक परिवार पांच लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें दो महिला, एक पुरुष और दो लड़के शामिल है। पुल बाजार में सात कोरोना मरीज मिले। इसमें तीन परिवार के लोग शामिल हैं। अग्रसेन चौक में तीन कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इसमें एक युवक, एक महिला और एक दस साल का लड़का शामिल है। डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि शहर में मिले अधिकांश पहले के मिले मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। इसमें उन्होंने बताया कि इसमें एक घर से दो-तीन लोग संक्रमित मिले हैं। डॉ. नरेेंद्र ने बताया कि एंटीजन टेस्ट में 21 कोरोना केस आए हैं।
एसडीएम ने किया कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण
एसडीएम शंभू राठी ने शहर के विभिन्न कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया तथा होम आइसोलेशन में रखे गए मरीजों के संबंध में भी जानकारी हासिल की। मोहल्ला चांदूवाड़ा में गाइडलाइन की पालना न होने पर 6 मरीजों को डेडीकेटेड कोविड हॉस्पिटल में भर्ती करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने महावीर चौक पर बिना मास्क घूमने वाले नागरिकों के चालान भी काटे तथा उन्हें मास्क वितरित किए। शहर में लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। यह बहुत बड़ी चिंता का विषय है। इस मौके पर डीएसपी नरेंद्र सांगवान सचिव नगर परिषद अनिल कुमार तथा सिटी एसएचओ मौजूद थे।
गांव बजाड़ की महिला सरपंच सहित 13 हुए संक्रमित, गांव बना हॉट स्पॉट
मंडी अटेली। अटेली सीएचसी के अंतर्गत आने वाले बजाड़ गांव में 13 कोरोना मरीज मिले हैं। इसमें गांव की सरपंच, आंगनवाड़ी वर्कर समेत 13 संक्रमित केस मिले है। इसके अलावा अटेली कस्बे में 24 वर्षीय युवक भी संक्रमित मिला। इन संक्रमितों में 75 साल से अधिक आयु के दो बुजुर्ग है। 13 संक्रमितों में अधिकतर 11 महिलाएं कोरोना से संक्रमित मिली है। सरपंच दो बहने भी संक्रमित हो गई, जिनमें एक आंगनवाड़ी वर्कर है तो दूसरी अटेली कस्बे में रहती है। गांव बजाड़ की महिला सरपंच का बेटा पहले संक्रमित हुआ था। महिला सरपंच के पति की चार अगस्त को हार्ट अटैक से मौत के बाद शोक सभा में बैठने के कारण संक्रमित बढ़ने की आशंका है। स्वास्थ्य विभाग ने 52 लोगों के सैंपल लिये थे। जिनमें सोमवार को 13 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गांव में अब कुल 14 केस होने के कारण हॉटस्पॉट बन गया है। अटेली सीएचसी में अटेली का झंडा चौंक व बजाड़ गांव हॉट-स्पॉट हो गया है। सभी को होम आइसोलेशन कर दिया गया है। लोकनिर्माण विभाग ने कंटेनमेंट जोन बना कर विशेष एहतियात दी गई है। हेल्थ कर्मी हरीश कुमार ने बताया कि सरपंच परिवार के क्लोज संपर्क में आने वाले मित्र, रिश्तेदारों की सैंपलिंग की जाएगी। सरपंच पति की शोक सभा में राज्यमंत्री ओमप्रकाश व पूर्व डिप्टी स्पीकर समेत अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए थे। उस समय महिला सरपंच का बेटा संक्रमित था। सीएचसी के डॉ. विजय यादव ने बताया कि अटेली कस्बा व बजाड़ कोराना के दो हॉटस्पॉट बन गए हैं।
कोरोना संक्रमित की सूची:-
बजाड़ -13
खुडाना - 1
भुंगारका -1
अटेली मंडी -1
मोहल्ला चांदुवाड़ा नारनौल -2
मोहल्ला नलापुर नारन।ौल-3
मोहल्ला छाजूपुरम महेंद्रगढ़ - 1
होटल अपार नारनौल- 1
मोहल्ला मिश्रवाड़ा नारनौल -8
पुल बाजार नारनौल - 7
अग्रसेन चौक नारनौल-3