सेवादास मार्केट की सड़क का निर्माण कार्य अटका
- दो माह बाद भी शुरू नहीं हो पाया सड़क निर्माण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी अटेली। कस्बे की बाबा सेवा दास मार्केट की सड़क का कार्य दो माह बाद भी शुरू नहीं हो सका है। इस कारण दुकानदारों और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं बारिश होने पर पानी रास्ते व दुकानों में घुस जाता है। लोगों ने प्रशासन व स्थानीय विधायक से जल्द से जल्द कार्य शुरू कराने की मांग की है।
कस्बे के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से नांगल वैरियर तक बनी बाबा सेवा दास मार्केट की सड़क को नवीनीकरण करने के लिए करीब दो महीने पहले नपा प्रशासन द्वारा जेसीबी से खोदाई करके उखाड़ दिया था, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ।
मार्केट के दुकानदार मनोज कुमार, लीलाराम, रमेश कुमार, राजकुमार, अनिल कुमार, जीतराम, नरेश कुमार, ओमवीर, रवींद्र, धर्मेंद्र, लक्ष्मीनारायण व प्रवीण कुमार ने बताया कि यह मार्ग कस्बा अटेली में प्रवेश करने का मुख्य मार्ग है।
इस मार्ग से कांटी, नांगल, नीरपुर राजपूत, सैदपुर, राजपुरा, बिहाली, खेड़ी, नावदी, रामपुरा आदि सहित राजस्थान के अनेक गांवों के लोग रोजाना आवागमन करते हैं। मार्ग ठीक न होने के कारण दुकानदारी पर भी फर्क पड़ रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि 30 जून को भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौधरी धर्मवीर के सानिध्य में विधायक सीताराम यादव ने सड़क मार्ग का शिलान्यास किया था। बावजूद इसके अभी तक इस मार्ग पर कोई कार्य शुरू नहीं किया गया। लगभग आधा किलोमीटर में बनने वाले इस मार्ग की चौड़ाई 43 फुट की होगी साथ ही सड़क मार्ग के दोनों और पानी निकासी के लिए तीन-तीन फुट चौड़े नाले का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 95 लाख रुपये की राशि का टेंडर छोड़ा गया है लेकिन यहां से गुजरने वाले नागरिकों व दुकानदारों को लगभग छह महीने इसी परेशानी से जूझना पड़ेगा।
वर्जन :
सड़क निर्माण का कार्य आरंभ हो चुका है, मार्ग पर खड़े बिजली के खंभों को हटाया जा रहा है। बीच-बीच में जहां पेड़ लगे हैं उनको भी हटाने का कार्य जारी है। 95 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस मार्ग का टेंडर लग चुका है। टेंडर के अनुसार 6 महीने में यह मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा। किसी कारणवश पूर्ण नहीं हो पाया तो टेंडर को बढ़ाया भी जा सकता है।-जतिन अग्रवाल, चेयरमैन नगर पालिका अटेली।