नारनौल। नेशनल हाईवे इन्फ्रास्ट्रक्चर व लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के तत्वावधान में ढोसी के पहाड़ पर रोप-वे निर्माण की प्रक्रिया इस माह के अंत तक पूरी होने जा रही है।
विभाग की सूचना के मुताबिक अप्रैल में इस पर निर्माण का कार्य धरातल पर प्रारंभ कर दिया जाएगा। 57 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह रोपवे इस क्षेत्र में पहला रोप वे होगा, जो ढोसी के पौराणिक महत्त्व के तीर्थ स्थल पर आम जनता की पहुंच सुगम बनाएगा।
प्रारंभ में इस पहाड़ पर ऊपर चढ़ने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़क निर्माण की योजना बनी थी, लेकिन पहाड़ के वर्तमान स्वरूप को क्षति पहुंचने की संभावनाओं को देखते हुए बाद में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा इस पर रोपवे निर्माण का फैसला हुआ, जो 57 करोड़ रुपये की लागत से अब तैयार किया जाएगा। इसी संदर्भ में पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव ने पर्यटन मंत्री हरियाणा को पत्र लिखकर इस स्थल को एक बहुआयामी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि पहाड़ के ऊपर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्राकृतिक उपचार केंद्र स्थापित किया जाए। ढोसी को एक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर जिले के ऐतिहासिक महत्व के स्थलों को इससे जोड़ा जा सकता है।