फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जल्द पूरा होगा लुवास के रीजनल सेंटर का निर्माण, 1.50 करोड़ का बजट मंजूर

विज्ञापन
विज्ञापन
मनोज राजपूत
विज्ञापन

महेंद्रगढ़। दक्षिणी हरियाणा के साथ-साथ राजस्थान के अनेक जिलों के पशुपालकों को लाभ देने के लिए शुरू किए गए लाला लाजपतराय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) के गांव रिवासा स्थित रीजनल सेंटर का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए लुुवास द्वारा 1.50 करोड़ के बजट की मंजूरी मिल चुकी है। अब यह राशि लोकनिर्माण विभाग के खाते में ट्रांसफर करते ही रीजनल सेंटर का शेष काम पूरा होगा।
जिम्मेदारों की मानें तो रीजनल सेंटर की राशि ट्रांसफर से लेकर निर्माण कार्य पूरा होने तक सभी प्रक्रिया करीब तीन माह में पूरी कर ली जाएंगी। दक्षिणी हरियाणा के साथ-साथ राजस्थान के पशुपालकों को भी रीजनल सेंटर का लाभ मिलेगा। इस पशु विज्ञान केंद्र का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दक्षिणी हरियाणा के महेंद्रगढ़, नारनौल, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, नूंह, गुरुग्राम के साथ-साथ राजस्थान प्रदेश के अलवर, राजगढ़, झुंझुनूं जिले के पशुपालकों को लाभ मिलेगा।
विज्ञापन

मार्च 2018 में पूर्व शिक्षामंत्री ने किया था भूमि पूजन
वर्ष 2016 में सीएम द्वारा इस केंद्र की घोषणा की गई थी। इसके बाद मार्च 2018 में तत्कालीन शिक्षामंत्री ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया था। सीएम की घोषणा के दो वर्ष बाद रिवास गांव के पंचायत घर में अस्थायी रूप से रीजनल सेंटर शुरू कर पशुओं की चिकित्सा एवं जांच भी शुरू कर दी गई थी। लेकिन तीन वर्ष बीतने के बाद भी अल्ट्रासाउंड से लेकर डी फ्रिज सहित लाखों रुपये के उपकरण भी जगह के अभाव में धूल फांक रहे हैं।
दिसंबर 2020 तक होना था तैयार
लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय से संबंधित इस पशु विज्ञान केंद्र का निर्माण तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया था। 2020 में कोरोना के कारण इस प्रोजेक्ट को तैयार करने की अवधि भी छह माह बढ़ाकर दिसंबर 2020 तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया। करीब एक वर्ष का समय बीत जाने के बाद भी बजट के अभाव में भवन का काम पूरा नहीं हो सका था।
ये भवन बनकर हैं तैयार, अंतिम रूप दिया जाना बाकी
इस प्रोजेक्ट के लिए अभी तक लगभग 7.20 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसमें प्रशासनिक भवन, तीन ऑपरेशन थियेटर, कांफ्रेंस रूम, एक मिनी ओटी, लैब, एक्स-रे रूम, स्टोर सहित 9 क्वार्टर बनकर तैयार हैं। इनमें चार क्वार्टर चिकित्सक, एक रीजनल डायरेक्टर, दो क्वार्टर तृतीय श्रेणी तथा दो क्वार्टर चतुर्थ श्रेणी के, फार्मर रूम बनकर तैयार हैं। इनमें केवल फिनिशिंग शेष है जो बजट मिलते ही महज दस दिनों में पूरी कर ली जाएगी।
यह कार्य हैं शेष
रीजनल सेंटर के परिसर में रोड, सीवरेज, लाइट कनेक्शन, मुख्य द्वार तथा पानी की सुविधा, चहारदीवारी निर्माण का काम अभी शेष है। बाकि भवन निर्माण का काम भी 90 प्रतिशत ही पूरा हो सका है।
वर्जन:
लाला लाजपतराय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय हिसार द्वारा रिवासा स्थित रीजनल सेंटर के लिए 1.50 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी दी जा चुकी है। शीघ्र ही बजट लोक निर्माण विभाग के खाते में भेजा जाएगा। इसके लिए रीजनल सेंटर का दौरा कर स्थिति का जायजा लेकर युद्ध स्तर पर काम शुरू कराएंगे। निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
विज्ञापन

- वीसी लुवास हिसार, डॉ. विनोद कुमार
वर्जन:
लुवास को पत्र भेजकर 1 करोड़ 50 लाख रुपये की मांग की गई थी जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। अब राशि लोक निर्माण विभाग के खाते में ट्रांसफर की जाएगी। राशि मिलने ही दो माह के समय में शेष कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा। भवन निर्माण का 90 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। बजट उपलब्ध होते ही दो माह के समय में शेष कार्य भी पूरा करा दिया जाएगा।
--- एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, कृष्ण कुमार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें