फोटो 18: पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। स्रोत: पुलिस
नांगल चौधरी। बनिहाड़ी के पास पुलिस ने प्याज से भरे एक ट्रक से 70.300 किलोग्राम अवैध चूरापोस्त बरामद किया है। इस मामले में पंजाब के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात एएसआई संजीत अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक ट्रक में सवार दो व्यक्ति अवैध चूरापोस्त लेकर बनिहाड़ी स्थित पेट्रोल पंप पर खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की जांच की और उसमें बैठे दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के पटियाला जिले के गांव महस निवासी रशपाल सिंह और गुरुबाज सिंह के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी डीएसपी भारत भूषण को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन से तीन प्लास्टिक कट्टों में भरा 70.300 किलोग्राम चूरापोस्त मिला। ट्रक में प्याज भी लदा हुआ था। पुलिस ने नशीले पदार्थ और ट्रक को कब्जे में लेकर सील कर दिया।
आरोपियों से चूरापोस्त रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र नहीं मिला। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।