नारनौल। खाड़ी देशों में युद्ध के कारण गैस आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने से शुक्रवार को भी गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की कतारें लगी रहीं। सिलिंडर की बुकिंग में देरी से भ्रम के कारण लोग एजेंसियों में पहुंच रहे हैं। सुबह गैस एजेंसी खुलने से पहले ही उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए पहुंच गए और लाइन लगाने शुरू हो गए थे।
गैस सिलिंडर लेने के लिए लाइन में लगे अधिकांश लोग ऐसे थे जिनकी मोबाइल के माध्यम से गैस बुकिंग नहीं हो पा रही थी। उपभोक्ताओं का कहना था कि वे एक सप्ताह से मोबाइल पर गैस बुक कराने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उनकी बुकिंग नहीं हो रही है। मजबूरन उन्हें सिलिंडर लेने के लिए सीधे गैस एजेंसी पर पहुंचना पड़ रहा है।
एजेंसी पर कतार में खड़े कई उपभोक्ता ऐसे भी थे जिनकी बुकिंग की निर्धारित अवधि अभी पूरी नहीं हुई थी। ऐसे उपभोक्ताओं को एजेंसी संचालकों वापस भेज रहे हैं।
वहीं गैस आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण कुछ लोग एहतियात के तौर पर अपने अतिरिक्त सिलिंडर भी भरवाकर घर में रखना चाह रहे हैं जिससे एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है।
बुकिंग में देरी से असमंजस
देवेंद्रा गैस एजेंसी के संचालक ने बताया कि फिलहाल उनके पास पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। लोगों को सिलिंडर दिए भी जा रहे हैं। शहर के लिए गैस बुकिंग में शहर के लिए अंतर 21 दिन बढ़ाकर 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिन करने से लोगों में असमंजस है।
शहर की एजेंसियों पर तीन माह के दौरान गैस की स्थिति
एयरिव गैस एजेंसी पर जनवरी में 7416 गैस सिलिंडर आए और 7385 की खपत हुई। फरवरी में 7820 सिलिंडर आए और खपत 6500 की हुई। वहीं मार्च में अब तक 2390 सिलिंडर आ चुके हैं जिनमें 1590 की खपत हो चुकी है और 800 अभी बाकी है। देवेंद्रा गैस एजेंसी पर जनवरी में 13810 सिलिंडर आए और खपत 13504 की हुई। फरवरी में 12870 सिलिंडर आए और खपत 12588 की हुई। मार्च में अब तक 3744 सिलिंडर आ चुके हैं और खपत 3667 की हुई। भारत गैस एजेंसी पर जनवरी में 10632 सिलिंडर आए और खपत 10537 की हुई। फरवरी में 9965 सिलिंडर आए और खपत 10020 की हुई। इसी तरह मार्च माह में अब तक 3060 सिलिंडर आ चुके हैं और खपत 3140 की हुई।
बाक्स-
गैस सिलिंडर खत्म हो जाने के बाद मजबूरन एजेंसी पर आना पड़ा है। गैस की कमी हो जाने की सुनने के बाद मैं सिलिंडर भरवाने के लिए काफी देर से लाइन में लगा हुआ हूं।
-हुकमचंद, मोहल्ला देवस्थान
बाक्स-
मैं एक सप्ताह से मोबाइल पर गैस बुक करने का प्रयास कर रहा हूं, परंतु गैस की बुकिंग नहीं हो रही है। पहले कभी भी ऐसा नहीं हुआ। मोबाइल पर बुकिंग नहीं होने के कारण ही मुझे गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी पर आना पड़ा है।
-हजारीलाल, मोहल्ला मालीटीबा