नारनौल। राजकीय महाविद्यालय नारनौल में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर (रेवाड़ी) की ओर से आयोजित नौवें जोनल युवा महोत्सव ‘तरंग’ का सोमवार को रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ। तीन दिवसीय महोत्सव में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, नाटक, कविता, रंगोली और पोस्टर मेकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों और टीमों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी मौजूद रहे, जबकि रजिस्ट्रार प्रो. दिलबाग सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
पद्म भूषण से सम्मानित प्रसिद्ध लोक कलाकार महावीर सिंह गुड्डू की उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रही। समारोह की अध्यक्षता जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने की।
मुख्य अतिथि प्रो. असीम मिगलानी ने कहा कि तरंग जैसे युवा महोत्सव विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने का बेहतरीन मंच हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। ऐसे आयोजन युवाओं में कला, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं।
प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने कहा कि कला, साहित्य, संगीत और नृत्य जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को नई दिशा देती हैं। उन्होंने महोत्सव में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों और सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार जताया। कार्यक्रम के को-कन्वीनर डॉ. हवा सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन सचिव प्रो. नरेश यादव ने प्रतियोगिताओं और अन्य व्यवस्थाओं का संचालन किया।
इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य डॉ. रामनिवास यादव, प्रो. डॉ. जगजीत सिंह मोर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने आयोजन की सराहना की और महाविद्यालय के प्राचार्य व स्टाफ को बधाई दी। पूर्व प्राचार्य डॉ. जयप्रकाश कौशिक ने वीर रस की कविताओं से खूब तालियां बटोरीं।
महोत्सव में प्रतियोगिताओं के लिए छह मंच बनाए गए थे। इन पर एकल और समूह नृत्य, एकांकी, कव्वाली, मिमिक्री, माइम, भारतीय एवं पश्चिमी समूह गायन, लोकगीत, वाद्य संगीत, कविता पाठ, समूह गान, वाद-विवाद और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। वहीं रंगोली, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन, संस्कृत श्लोक और डिक्लेमेशन प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया।
आयोजन को सफल बनाने में डॉ. चंद्रमोहन, डॉ. सतीश सैनी, डॉ. सत्यपाल सूलोदिया और डॉ. योगेश कुमार सहित महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई। अंत में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।