महेंद्रगढ़। एक पखवाड़े से लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड से आमजन प्रभावित है। न्यूनतम तापमान में भी काफी उतार चढ़ाव हैं। वीरवार को अधिकतम तापमान 12.6 व न्यूनतम 2.3 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि दोपहर बाद कुछ समय के लिए खिली धूप से कुछ राहत मिली, लेकिन शाम को पांच बजे के बाद फिर से कोहरा छाना आरंभ हो गया।
15 दिनों से पड़ी ही कड़ाके की ठंड का असर अब धीरे-धीरे बाजार पर भी पड़ने लगा है। दुकानदारों का कहना है कि पिछले एक पखवाड़े के दौरान उनका कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। वहीं मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार 21 जनवरी तक राहत के आसार नहीं हैं साथ की न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट आने की संभावना बनी हुई है। वहीं सड़कों पर सुबह के समय रहने वाली भीड़ भी गायब रहती है लोग जरूरी कार्याें के लिए ही बाहर निकल रहे हैं। घने कोहरे के कारण रफ्तार पर भी ब्रेक लगे हुए हैं।
पिछले दो सप्ताह से लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड की वजह से ग्राहक नहीं आ रहे हैं। पहले ग्राहक आने से कारोबार ठीकठाक रहता था लेकिन इस बार लंबे समय से चली रही ठंड के कारण ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। इसके कारण 50 प्रतिशत कारोबार प्रभावित हुआ है।
-विजय कुमार, दुकानदार।
दो सप्ताह से छा रहे घने कोहरे एवं अधिक ठंड के कारण दुकानदारी काफी प्रभावित हो रही है। दोपहर बाद जैसे ही धूप निकलती है तो ग्राहक बाजार में पहुंचते हैं। हालांकि इस समय बाजार में मंदी चल रही है, मौसम की मार अब बाजार पर भी दिखाई देने लगी है।
-संदेश कुमार, दुकानदार।
धूंध व ठंड की वजह से बाजारों में लोग कम आ रहे हैं। बाजार सुबह से ही सुनसान नजर आने लगता है। लोग घरों में अलाव के सहारे लेते रहते है। इससे कारोबार मंदा रहने लगा है। मौसम विभाग अभी चार-पांच दिन मौसम ऐसा ही रहने की संभावना जता रहा है।
-विक्रम सिंह, दुकानदार।
विवाह-शादियों का सीजन चल रहा है। लोग बाजारों में सामान खरीदने के लिए आते है, लेकिन ठंड व कोहरे की वजह से ग्राहकों की संख्या आधी हो गई है। अधिक ठंड होने के कारण लोग जरूरी कार्याें के लिए ही बाहर आ रहे हैं।
-रविदत्त, दुकानदार।