नौकरी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने व चार लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षा विभाग में तैनात क्लर्क पर दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल व बयान दर्ज करा दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला के पति की मौत साल 2015 में हो गई थी। महिला को दो बच्चे हैं। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोनों बच्चों का 134ए के तहत दाखिला कराने को लेकर साल 2017 में शिक्षा विभाग के कार्यालय नारनौल गई थी। जहां पर क्लर्क देवेंद्र शर्मा मिला व बच्चों का निजी स्कूल में दाखिला कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता का नंबर ले लिया। इसके बाद पीड़िता के घर आरोपी आना जाना शुरू कर दिया। इसी बीच आरोपी ने अपनी बड़े लोगों से जान पहचान होने का झांसा देकर पीड़िता को नौकरी दिलाने का वादा किया।
आरोप हैं कि आरोपी ने पीड़िता से दुष्कर्म किया व नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये मांगे। उसके बाद पीड़िता ने नौकरी के लिए साल 2018 में चार लाख रुपये एडवांस दे दिया। पैसे लेने के बाद आरोपी महिला की नौकरी नहीं लगवाई और टालता रहा। बाद में पीड़िता की बेटी से संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता के मना करने पर आरोपी ने उसकी बेटी की फोटो को एडिट कर फेसबुक पर डाल दी और धमकी दी कि किसी को बताया तो जान से मार दूंगा। डर से पीड़िता चरखी दादरी चली गई। मार्च में बच्चों की परीक्षा होने के कारण नारनौल आ गई। आरोपी की धमकी से तंग आकर पीड़िता ने शिकायत एससी को दी। उसके बाद मामला महिला थाने में पहुंचा। पुलिस में शिक्षा विभाग के क्लर्क देवेंद्र पर रेप समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी कमला देवी ने बताया कि पीड़िता का बयान करा दिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
इस मामले की जानकारी नहीं है, महिला थाना से जानकारी लेने के बाद आरोपी क्लर्क पर कार्रवाई के लिए निदेशालय को लिखा जाएगा।
सुनील कुमार, डीईईओ नारनौल