अटेली रोड पर बनी अवैध कॉलोनी पर चला पीला पंजा।
- फोटो : Narnol
जिला नगर योजनाकार की टीम ने शुक्रवार को अटेली रोड पर जाटवास में लगभग 4 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में जेसीबी चलाई। जेसीबी ने अवैध कॉलोनी में बनाई गई दस डीपीसी तथा रोड को उखाड़ दिया। डयूटी मजिस्ट्रेट, नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार, महेंद्रगढ़ डीटीपी प्रवीण कुमार चौहान की देखरेख में पुलिस बल के साथ यह अभियान चलाया गया।
महेंद्रगढ़ में अटेली रोड पर गांव जाटवास में लगभग 4 एकड़ में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। कॉलोनी के अंदर रोड भी बनाए जा रहे थे। कॉलोनी विकसित करने वाले डीलर को पहले ही नोटिस जारी कर दिया था। इसके बाद भी डीलर ने काम बंद नहीं किया। जिला नगर योजनाकार की टीम ने शुक्रवार की शाम को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। इस दौरान जेसीबी से लगभग 10 डीपीसी को तोड़ा। सभी रोड नेटवर्क को उखाड़ दिया। इसके अलावा वहां पर अवैध कॉलोनी का बोर्ड भी लगा दिया गया। जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार चौहान ने लोगों से अपील की वे नियंत्ररित क्षेत्र/शहरी क्षेत्र में कोई भी निर्माण विभागीय अनुमति के न करें। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनी में कोई प्लाट प्रापर्टी डीलर्स के बहकावे में आकर न खरीदें। उपभोक्ता को प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता के बारे में जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से भविष्य में अवैध कालोनियों पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।