नारनौल। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार की अदालत ने गांजा बरामदगी के मामले में आरोपी करमवीर की नियमित जमानत याचिका मंजूर कर ली है। अदालत ने उसे 50 हजार रुपये के मुचलके और इतनी ही राशि की जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए हैं।
मामले के अनुसार थाना सिटी कनीना में दर्ज एफआईआर के मुताबिक 30 मई को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली थी।
इस दौरान कार सवार गांव मालडा वास निवासी विकास उर्फ चोटीवाला और मनीष कुमार उर्फ निशू से 17.04 ग्राम स्मैक तथा कार की डिग्गी से 2 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। बाद में सह आरोपियों के खुलासे के आधार पर करमवीर को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।
करमवीर के अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी कि आरोपी के कब्जे से कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है। उसे केवल सह आरोपियों के बयान के आधार पर मामले में शामिल किया गया है। साथ ही इस मामले के अन्य आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है।
वहीं, सरकारी वकील ने जमानत का विरोध करते हुए बताया कि करमवीर के खिलाफ पांच अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जमानत याचिका स्वीकार कर ली और निर्धारित शर्तों पर आरोपी की रिहाई के आदेश दिए।