महेंद्रगढ़। सीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बुधवार को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ का निरीक्षण किया।इस मौके पर उन्होंने अस्पताल भवन में साफ-सफाई को लेकर उचित दिशा-निर्देश दिए वहीं अस्पताल में दवाइयों की कमी को दूर करने तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात कहीं। सीएमओ ने अस्पताल में डॉक्टरों व स्टाफ के साथ मीटिंग कर उनका हाल-चाल जाना तथा मरीजों को हर संभव स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने पर बल दिया।
सीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह दोपहर को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में कुछ स्थानों पर गंदगी का आलम देखते हुए सभी जगह साफ-सफाई के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मरीजों के वार्ड में जाकर उनका हाल-चाल पूछा तथा उनसे अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने एक्सरे कक्ष, लेबोरेट्री, ओपीडी कक्ष में पहुंचकर निरीक्षण किया जहां पर व्यवस्थाएं बेहतर मिली। इसके बाद उन्होंने महिला वार्ड में पहुंचकर वहां भी चिकित्सा अधिकारियों से सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते हुए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इस मौके पर आरएमओ डॉ. अभिषेक सैनी, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. संदीप कुमार, रेडियोलॉजी अधिकारी नरेंद्र कुमार, आशा रानी, सीनियर फार्मासिस्टर अजय कक्कड़ सहित अन्य सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।