नारनौल। नगर परिषद द्वारा जल्द ही शहर में 20 लाख रुपये के विकास के काम कराए जाएंगे। यह बजट नगर परिषद को डी प्लान के तहत मिला है। इस राशि से शहर में तीन विकास के काम कराए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद द्वारा टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
इसमें सबसे ज्यादा राशि कैनाल ब्रिज से टहला काकड तक बनने वाली गली पर खर्च की जाएगी। इसे पर 9 लाख 37 हजार 463 रुपए की राशि खर्च की जाएगी। डी प्लान के तहत नगर परिषद में वित्त वर्ष में कुल 1.36 करोड़ रुपए से काम होने है। इसमें गलियों, पार्कों और गोशालाओं में टिन शेड लगने हैं। टीन शेड पर 35 लाख रुपए खर्च करने का प्रावधान रखा गया। कुल 11 गलियों का निर्माण किया जाना है। इसके अलावा चार स्थानों पर लगभग 17 लाख रुपये से हॉल बनाए जाने का प्रावधान रखा गया।
यहां बता दे कि शहर की कई गलियां कच्ची पड़ी है, जिसे पक्का करवाने की मांग को लेकर लोग पार्षदों से लेकर अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन अब भी समाधान नहीं हो सका है। यहां बता दे कि एडीसी द्वारा भी दिसंबर माह में डी प्लान के तहत होने वाले विकास कार्यों का निरीक्षण किया था और सैंपल भरवाए गए थे।
महिला कॉलेज में 6 लाख 42 हजार से बनेगा डिवाइडर
डी प्लान के तहत ही राजकीय महिला कॉलेज में करब स्टोन के साथ इंटर लॉक पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे ताकि पैदल चलने का रास्ता ठीक हो सके। इस पर 6 लाख 42 हजार 58 रुपये की राशि खर्च होगी। इस निर्माण के लिए भी नगर परिषद द्वारा टेंडर लगा दिया गया है। 13 फरवरी तक टेंडर के लिए आवेदन आनलाइन जमा होंगे और उसके बाद टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी।
4 लाख 51 हजार से बाल भवन में बनाई जाएगी स्टेज
नगर परिषद द्वारा बाल भवन में कार्यक्रम के आयोजनों के लिए स्टेज का निर्माण किया जाएगा। इस पर 4 लाख 51 हजार 960 रुपये की राशि खर्च की जाएगी। यह काम भी डी प्लान के तहत कराया जाएगा। फिलहाल बाल भवन में स्टेज की कोई अच्छी सुविधा नहीं है। अब कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अलग से स्टेज का निर्माण किया जाएगा। इससे मंच तैयार करने के लिए अलग से राशि खर्च नहीं करनी पड़ेगी।
डी प्लान के तहत शहर में तीन विकास के काम करवाए जाएंगे। इन पर लगभग 20 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। इसके टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
-अंकित वशिष्ठ, एक्सईएन, नगर परिषद, नारनौल।