फोटो संख्या:77- गांव झूक में जवान को अंतिम विदाई देते सेना की टुकड़ी--स्रोत- ग्रामीण
- फोटो : mathura
महेंद्रगढ़। गांव झूक निवासी सीआईएसएफ के जवान का बीमारी के चलते निधन हो गया। वीरवार को पैतृक गांव झूक में राजकीय सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई।
गांव झूक निवासी सीआईएसएफ से रिटायर्ड श्रीभगवान ने बताया कि बेटा 42 वर्षीय कृष्ण कुमार नौ बटालियन में देवली राजस्थान में कार्यरत था। बीमार होने के कारण वह दो दिन से जयपुर के दुर्लभ जी अस्पताल में भर्ती था। वहां उनका देहांत हो गया। आज उसका पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव झूक में लाया गया। जहां राजकीय सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया।
उसको मुखाग्नि 9 वर्षीय बेटे मानवीर ने दी। सीआईएसएफ के जवान कृष्ण कुमार की पत्नी हरप्रीत भी सीआईएसएफ में हवलदार के पद पर देवली राजस्थान में कार्यरत है। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें से एक लड़का तथा दो लड़कियां हैं।
जवान को अंतिम श्रद्धांजलि एवं सलामी देने के लिए आई टुकड़ी का नेतृत्व सलामी इंचार्ज सुभाष चंद्र कर रहे थे। वहीं टुकड़ी का मुख्य नेतृत्व कंवरपाल एवं एसके यादव कर रहे थे। इनके साथ विनीत, एसके दास, धर्मेंद्र कुमार, जगबीर सिंह, सुमित आदि मौजूद थे। उन्होंने उनको सलामी दी। अंतिम यात्रा के दौरान काफी संख्या में लोग ने नम आंखों से अपने लाडले को अंतिम विदाई दी।