मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, गुप्तचर विभाग, प्रदूषण विभाग, खनन विभाग और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने गांव बायल में ग्राइंडिंग स्टोन मिनरल्स जोन में छापा मारकर वहां से हरे कृष्णा मिनरल्स व रामा मिनरल्स में काफी मात्रा में चोरी किए गए पत्थरों के साथ उससे तैयार किया काफी मात्रा में माल बरामद किया है। मौके से तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है।
बता दें कि उपरोक्त फर्म आसपास की पहाड़ियों से पत्थर चोरी कर अपनी मिनरल्स जोन पर ले जाता था। इसके बाद उनको ग्राइंड कर पाउडर तथा बारीक रोड़ी बनाते हैं। इनको पंजाब, राजस्थान आदि दूसरे राज्यों में भेजा जाता था। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को लगी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता से उप निरीक्षक सत्येंद्र, उप निरीक्षक कर्मपाल, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, गुप्तचर विभाग की ओर से उप निरीक्षक लीलाराम, उप निरीक्षक जसवंत, सहायक उप निरीक्षक संदीप, सहायक उप निरीक्षक प्रेम कुमार, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, प्रदूषण विभाग से एसडीओ विकास कुमार व उनकी टीम, खनन विभाग से निरीक्षक मनीषा व उनका स्टाफ तथा बिजली विभाग से जेई कमल सिंह व उनके स्टाफ ने दोपहर बाद 3 बजे बायल स्थित हरे कृष्णा मिनरल्स व रामा मिनरल्स पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने उनसे प्रदूषण एवं माइनिंग का लाइसेंस देखा तो उनके पास कोई दस्तावेज नहीं मिला। टीम ने मौके से काफी मात्रा में प्लास्टिक बैग में भरे हुए पाउडर तथा बारीक रोड़ियां बरामद की। टीम ने मौके से तीन कारिंदों को भी हिरासत में लिया है। समाचार लिखे जाने तक टीम कार्रवाई में जुटी हुई थी।
कागजों की जांच करती टीम। संवाद- फोटो : Narnol