नारनौल। क्षेत्र में सोमवार की देर शाम आई तेज आंधी ने बिजली व्यवस्था को प्रभावित किया है। शहर के कई इलाकों में 4 से 5 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कुछ स्थानों पर 18 घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली गुल रहने से न सिर्फ लोगों को परेशानी हुई बल्कि पेयजल संकट भी पैदा हुआ।
मोहल्ला जमालपुर, पुरानी सराय, नई सराय, मिश्रवाड़ा, संघीवाड़ा, सलामपुरा, भूप कॉलोनी और रामकरण दास कॉलोनी सहित अनेक क्षेत्रों में करीब 4 से 5 घंटे तक बिजली गुल रही। वहीं, पंचमुखी हनुमान मंदिर कॉलोनी और कोरियावास रोड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सोमवार शाम 7 बजे से अगले दिन दोपहर 1 बजे तक, यानी करीब 18 घंटे तक बाधित रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शाम करीब 7 बजे 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलनी शुरू हुई थी। आंधी के चलते बिजली लाइनों में फॉल्ट आने से पूरे शहर की सप्लाई प्रभावित हो गई। बिजली कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य करते हुए अधिकांश फीडरों की आपूर्ति 4 से 5 घंटे में बहाल कर दी लेकिन कुछ फीडरों को ठीक करने में अधिक समय लगा।
शिकायतों में डेढ़ गुना बढ़ोतरी
आंधी के दौरान बिजली से संबंधित शिकायतों में इजाफा हुआ। सामान्य दिनों में जहां शिकायतों की संख्या 70 से 100 के बीच रहती है वहीं सोमवार को यह बढ़कर करीब 300 तक पहुंच गई। ये शिकायतें नारनौल, निजामपुर, सिहमा, अटेली और नांगल चौधरी क्षेत्रों से दर्ज की गईं। शिकायत केंद्र के कर्मचारियों के अनुसार खासकर मई और जून में शिकायतों की संख्या बढ़कर 500 से 600 तक पहुंच जाती है।
करीब 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। घंटों बिजली नहीं होने के कारण इनवर्टर बैटरी भी डिस्चार्ज हो गई। इसके चलते रात में सो नहीं पाए और दोपहर को गर्मी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।-अंजू देवी, पंचमुखी हनुमान मंदिर कॉलोनी।
बिजली नहीं होने के कारण दैनिक कार्य प्रभावित रहे। पेयजल सप्लाई शुरू कर दी गई लेकिन बिजली नहीं होने के कारण सभी पानी भरने से वंचित रहे गए। -शकुंतला देवी, मोहल्ला, रामकरण दास कॉलोनी।
वर्जन :
आंधी के कारण कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही। लाइन की मरम्मत की गई । अब बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल है।-मोहम्मद अजहरूद्दीन, शहरी एसडीओ, बिजली निगम, नारनौल।