महेंद्रगढ़/कनीना। अटेली रोड पर मोहनपुर मोड़ व गांव चेलावास के बीच रविवार को हुए हादसे में घायल के भतीजे के बयान पर सोमवार को पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि रविवार को अटेली रोड पर हुए भीषण हादसे में ऑटा चालक का पैर कटकर सड़क पर गिर गया था। 112 पर कॉल करने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल का पैर कब्जे में लेकर रोहतक पीजीआई पहुंचाया था।
पुलिस को दी शिकायत में गांव खेड़ी निवासी रतन सिंह ने बताया कि रविवार को उसका चाचा नरसिंह ऑटो ऑटो को लेकर भोजावास की तरफ गया था। जब वह भोजावास से कनीना की तरफ वापस आ रहा था तब सामने से आ रहे ट्राला से ऑटो की भिडंत हो गई। दुर्घटना में नरसिंह का पैर कटकर सड़क पर गिर गया। सूचना के बाद शहर थाना प्रभारी निरीक्षक मूलचंद मौके पर पहुंचे तथा कटे हुए पैर को कब्जे में लेकर उपचाराधीन घायल के पास पीजीआई रोहतक पहुंचाया था। घायल नरसिंह रोहतक पीजीआई में उपचाराधीन है। पुलिस ने घायल के भतीजे रतन सिंह के बयान पर अज्ञात ट्राला चालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।