नारनौल। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की स्थानीय शाखा में केयर हेल्थ इंश्योरेंस के माध्यम से एक शोक संतप्त परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के तहत स्वर्गीय मायाराम के परिजनों को 5 लाख रुपये की दावा राशि का बुधवार को चेक सौंपा गया।
जानकारी के अनुसार मायाराम ने पीएनबी नारनौल शाखा से वाहन ऋण लिया था। ऋण प्रक्रिया के दौरान उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केयर हेल्थ इंश्योरेंस के तहत 6,744 रुपये का प्रीमियम जमा कर पांच वर्ष के लिए व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा पॉलिसी ली थी। दुर्भाग्यवश, एक सड़क हादसे में उनका आकस्मिक निधन हो गया।
दावा स्वीकृत होने के बाद बैंक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पीएनबी व केयर हेल्थ इंश्योरेंस के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से परिजनों को 5 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस अवसर पर सर्किल हेड (रेवाड़ी) सुनीता कुमारी, मुख्य शाखा प्रबंधक केके यादव, मुख्य प्रबंधक राजेश कुमार, मार्केटिंग चीफ विशाल सिंगला, केयर हेल्थ से सचिन यादव व मुकेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।