कंडम हो चुके नहर की पुलिया की सेफ्टीवाल टूटने के बाद लोगों ने चार दिन पहले हादसे की आशंका जताई थी। वहीं रविवार को सुबह11 बजे सीहमा से नारनौल जा रही कार नांगलिया नहर के कंडम हो चुके बिना सेफ्टी दिवार के पुलिया पर अपना संतुलन खोकर नहर में जा गिरी। मौके पर मौजूद मित्रपुरा के युवक सौरभ ने नहर में छलांग लगाकर 5 लोगों की जान बचाई।
फैजाबाद पुलिस चौकी इंचार्ज सारिका यादव ने बताया कि रामकिशन ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना पाकर तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि आई-10 कार में सवार होकर एक महिला छोटी पचेरी व तीन पुरुष ककराला व छोटा बच्चा सवार होकर सीहमा से नारनौल जा रहे थे। कार का संतुलन बिगड़ने से कार नहर में गिर गई। मौके पर मौजूद युवक सौरभ ने तुरंत नहर में छलांग लगाई। इसके बाद गाड़ी के शीशे उतरवाकर पहले छोटे बच्चे को नहर से बाहर निकाला। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर कार में सवार महिला को अन्य लोगों की सहायता से बाहर निकाला गया। इसके बाद जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर क्रेन बुलाकर कार को बाहर निकाला गया। लोगों ने नहर विभाग के अधिकारियों से तत्काल कंडम हो चुके पुल के निर्माण की मांग की।
-दो दिसंबर को लोगों ने दुर्घटना की आशंका व्यक्त की थी
गौरतलब है कि गत सप्ताह 2 दिसंबर को नेहरू कैनाल पर नांगलिया के नजदीक कंडम हो चुके पुल की सेफ्टी दीवार टूटने के बाद समाजसेवी रामौतार, रणधीर नम्बरदार, यशपाल, रुपचंद शर्मा, मुकेश सरपंच, सुनील जांगिड़, अर्जुन सिंह, मांगेराम, अनिल राव व एडवोकेट हेमंत सीहमा ने इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद करने तथा नए पुल के निर्माण की मांग जिला प्रशासन व सिंचाई विभाग से की थी। लोगों ने इस पुल पर दुर्घटना की आशंका व्यक्त की थी।