महेंद्रगढ़। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल बालाजी चौक इन दिनों सीवरेज ओवरफ्लो की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है जिससे 20 दुकानों का कारोबार और राहगीरों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
सीवरेज लाइन बार-बार जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है। कई दिनों तक पानी की निकासी नहीं होने से पूरे क्षेत्र में बदबू फैल जाती है। बदबू के कारण दुकानों पर बैठना मुश्किल हो रहा है और ग्राहक भी यहां आने से कतराने लगे हैं जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है।
दुकानदारों और क्षेत्रवासियों ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जिला प्रशासन से मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। नियमित रूप से सीवरेज लाइन की सफाई, जाम की वजह की जांच तथा आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द कराया जाए ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके और बाजार में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।
इस समस्या को लेकर अनेक बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायत दे चुके हैं। कई बार कर्मचारी मौके पर आकर अस्थायी रूप से सीवरेज की सफाई कर देते हैं। लेकिन कुछ ही दिनों बाद समस्या फिर से शुरू हो जाती है।
-गोपाल, दुकानदार
बालाजी चौक शहर का प्रमुख बाजार क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क पर फैला सीवरेज का गंदा पानी न केवल शहर की छवि को खराब कर रहा है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बनता जा रहा है।
-महेश सैनी, दुकानदार
-
वर्जन:
बारिश के दिनों में सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या हो जाती है। बालाजी चौक पर सीवरेज ओवरफ्लो हो गया था। कर्मचारियों को भेजकर सीवरेज की सफाई करवा दी जाएगी। आमजन को कोई परेशानी नहीं होने देंगे।
-सतीश जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:53- बालाजी चौक पर सीवरेज ओवरफ्लो के कारण भरे गंदे पानी से बचकर निकलते लोग--संवाद
फोटो संख्या:53- बालाजी चौक पर सीवरेज ओवरफ्लो के कारण भरे गंदे पानी से बचकर निकलते लोग--संवाद