हरियाणा रोडवेज की बस से वीरवार को एक छात्र कनीना रोड पर पेट्रोल पंप के पास गिर गया। इससे छात्र घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अटेली सामान्य अस्पताल भेजा गया। उसकी गंभीर अवस्था के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
कारिया की सरपंच बचना देवी के पुत्र प्रदीप ने बताया कि गांव का ही अमित कुमार पुत्र अशोक कुमार गांव से अटेली रोडवेज बस द्वारा आ रहा था। बस में भीड़ होने के कारण वह दरवाजे पर खड़ा था। अटेली से पहले कनीना मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास वह गिर गया। जिसमें वह गंभीर रूप में घायल हो गया। युवक अटेली कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ता है। वहीं गढ़ी के सरपंच सुरेश, खारीवाड़ा के बीर सिंह, महासर के हरकेश, राता के धर्म चंद आदि ने बताया कि उक्त मार्ग पर सुबह एक ही रोडवेज बस चलती है जिस कारण विद्यार्थियों की काफी भीड़ रहती है। उन्होंने मार्ग पर बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।