कनीना तहसीलदार ने अधिकारियों को भेजा गया पत्र
- फोटो : Narnol
तहसीलदार कंवल सिंह यादव ने हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त को पत्र भेजकर कनीना तहसील से नूंह तबादला करने की मांग की है। उन्होंने उच्च अधिकारियों को भेजे गए पत्र क्रमांक 291/आर-1में आरोप लगाते हुए कहा है कि अटेली के नव नियुक्त विधायक सीताराम यादव उनको झूठे केस में फसाने का प्रयास कर रहा है। अपने कार्यकर्ताओं को तहसील में भेजकर बिना किसी के बात के झगड़ा करवाकर मारपीट करवा सकता है। उनका तबादला वापस नूंह किया जाए। पत्र की एक प्रति उपायुक्त महेंद्रगढ़ को भी भेजी है। जिसमें कहा कि जब तक उनका तबादला नहीं होता है तब उन्हें पुलिस सुरक्षा दी जाए।
उन्होंने कहा है वर्ष 2011 में अटेली में उन पर फर्जी केस बनवाया था। जिसमें नव नियुक्त विधायक सीताराम यादव की साजिश थी। कनीना तहसील अटेली विधानसभा में पड़ती है। अब पुन: विधायक किसी फर्जी केस में फसाना चाहता है, इसलिए उनका तबादला शीघ्र किया जाए। उन्होंने कहा कि मैंने ट्रांसफर को लेकर केस पंजाब एंड हाईकोर्ट में सीडब्लूपी न.5118 ऑफ 2019 कंवल सिंह यादव बनाम स्टेट आफ हरियाणा दायर किया हुआ है। जिस पर माननीय कोर्ट में ट्रांसफर पर स्टे बरकरार कर रखा है। उसकी सुनवाई की आगामी तारीख 20 जनवरी 2020 लगी हुई है। चुनाव आयोग ने चुनाव से पहले मेरा नूंह से कनीना तबादला करके माननीय पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना की है। उन्होंने मांग की है कि हरियाणा विधानसभा के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। नई सरकार का गठन हो चुका। माननीय पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के स्टे के मद्देनजर मुझे वापस नूंह लगाया जाए।
मैंने तहसीलदार को कोई फोन नहीं किया। न ही किसी काम के लिए निर्देश दिया। मैं गांव के धन्यवादी दौरे कर रहा हूं। जिसमें तहसीलदार के खिलाफ पैसे लेने के आरोप लगाने वाली कई शिकायत लोगों ने दी है। पहले 2011 में दर्ज हुए केस से भी मेरा कोई लेना-देना नहीं है। 25 नवंबर को सीएम के साथ होने वाली बैठक में इस मुद्दे को रखूंगा। मुख्य सचिव व राजस्व विभाग के प्रधान सचिव को भी इससे अवगत कराया जाएगा।
- सीताराम यादव, विधायक, अटेली।