निजामपुर। क्षेत्र में इन दिनों बाइक सवार बदमाश बुजुर्गों को निशाना बना रहे हैं। आजकर कई ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जिनमें बदमाश बुजुर्गों की पेंशन हड़प लेते हैं। बदमाश नए-नए तरीकों से बुजुर्गों को ठग रहे हैं।
पीड़ित बुजुर्गों के अनुसार, बीच रास्ते में मिलने वाले बाइक सवार शातिर पहले खुद को मददगार बनकर पूछते हैं कि कहां जाओगे आपको वहां छोड़ देंगे। ऐसा बोलकर भरोसा जीतते हैं। फिर झांसा देकर बुजुर्गों को अपने साथ बैठा ले जाते हैं। रास्ते में मौका देखकर उनकी नकदी, पेंशन की राशि और जरूरी कागजात छीनकर फरार हो जाते हैं।
गांव जैतपुर के एक वृद्ध पेंशन लेकर आ रहा था बीच रास्ते में बदमाश मिल गए और बोले बाबा गांव छोड़ देंगे बैठ जाओ। उसकी जेब से पैसे निकाल कर जोहड़ के पास छोड़ दिया।
-रोहतास, गांव मौसमपुर
जब मैं रास्ते से आ रहे था तो दो लोग बाइक पर आए और बीच में बैठाकर उनके पैसे निकाल ले गए। उनके गांव के पास दो दिन पहले भी ऐसी घटना हुई थी। 3-4 साल से कई घटना ऐसी हो चुकी, कोई शिकायत नहीं कर रहा है।
-गुरुदयाल, गांव लूजोता
मैं नांगल से अपने गांव लूजोता आ रहा था, रास्ते में बाइक पर तीन आदमी थे, मुझे गांव तक छोड़ने के लिए बोलकर बैठा लिया, मेरे साढ़े सात हजार से ज्यादा पैसे निकाल लिए।
-फूलाराम, गांव लूजोता
नारनौल किसी कार्य के लिए जा रहा था। बाइक पर दो अनजान युवक थे। नांगल चौधरी का रास्ता पूछ रहे थे और बोले बैठ जाओ छोड़ देंगे। मैं बैठ गया पीछे वाले ने जेब से मेरी नकदी और कागज निकाल लिए। मैंने ऑनलाइन पुलिस शिकायत की है।
-मोहर सिंह, गांव शहबाजपुर ढाणी जीदढ़
मामला अभी संज्ञान में आया है। जांच करते हुए पुलिस गश्त और बढ़ाई जाएगी। क्षेत्र में ऐसी वारदात नहीं होने देंगे। उनको जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
-भगत सिंह, थाना प्रभारी नांगल चौधरी