हरियाणा-राजस्थान की सीमा के समीप एक डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार दो व्यक्तियों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने फरार डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोटपूतली के गांव रायकरणपुरा निवासी राजबीर 37 को अपने किसी परिचित के यहां शादी समारोह में शिरकत करने के लिए नांगल चौधरी आना था। इसी दौरान राजबीर का ममेरा भाई अमरजीत 40 भी उनके घर आया हुआ था। इस पर राजबीर सोमवार दोपहर को अमरजीत को साथ लेकर अपनी बाइक से गांव बिहाली आया था। यहां शादी समारोह में शामिल होने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
करीब पौने 9 बजे जब वे रायमलिकपुर से करीब एक किलाेमीटर आगे निकले थे कि पीछे से आए डंपर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी और डंपर छोड़कर भाग गया। हादसे में राजबीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमरजीत बुरी तरह से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची राजस्थान पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया व घायल को कोटपूतली के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया। फिलहाल घायल का जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस डंपर के नंबरों के आधार पर मालिक का पता लगा रही है।